50 से ज्यादा घायल, कई की हालत चिंताजनक, बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा, प्रधानमंत्री ने घटना पर जताया शोक

Tamil Nadu Karur stampede (आज समाज), करूर : तमिलनाडु के करूर में शनिवार देर शाम हुई एक दुखद घटना में 38 लोगों की जान चली गई। मृतकों में बच्चे व महिलाएं भी शामिल हैं। यह घटना उस समय घटी जब अभिनेता से नेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख विजय रैली कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि रैली में उनके चाहनेवालों की बहुत बड़ी भीड़ जुटी थी। शुरू में तो सबकुछ सामान्य रहा लेकिन फिर एकाएक हालात बदलते गए और लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान लोग एक दूसरे को अपने पैरों के नीचे कुचलते हुए इधर-उधर दौड़ने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से भी हालात काबू में नहीं आए और देखते ही देखते 38 लोगों को अपनी जाने से हाथ धोना पड़ा। इस घटना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई बढ़े नेताओं ने शोक जताया है।

पुलिस के लाठीचार्ज के बाद बिगड़े हालात

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अपने प्रिय अभिनेता और नेता के विचार सुनने के लिए हजारों की भीड़ एकत्रित हुई थी। रैली के दौरान लोग अपने प्रिय नेता की झलक पाने को बेताब हो गए। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। जैसे ही पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो लोगों में भगदड़ मच गई। जिसके बाद इसमें जानी नुकसान हुआ। वहीं मंत्री, शीर्ष अधिकारी, पुलिस अधिकारी करूर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

विजय को बीच में रोकना पड़ा भाषण

करूर में रैली के दौरान टीवीके अध्यक्ष के प्रचार वाहन को भारी भीड़ के चलते रोक दिया गया। हालात बेकाबू होते देख विजय को कुछ समय के लिए अपना भाषण रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस कृपया मदद करें। भगदड़ के कारण कुछ कार्यकर्ता बेहोश हो गए। अस्पतालों में पहुंचे कई बेहोश लोगों की मौत हो गई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे बेहोश लोगों के परिजन फूट-फूटकर रोने लगे।

ये बोले सीएम एमके स्टालिन

सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि विजय की रैली में भगदड़ जैसी स्थिति और कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। करूर प्रशासन से मिली जानकारी चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम और जिला कलेक्टर को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मंत्री अंबिल महेश को भी मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम स्टालिन ने कहा कि उन्होंने शीर्ष पुलिस अधिकारियों को करूर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।