IND vs NZ 1st ODI Likely XI: पहले वनडे में कुलदीप होंगे इन, ईशान आउट? संभावित प्लेइंग-11

0
33
पहले वनडे में टीम के सामने सही कॉम्बिनेशन चुनने की चुनौती होगी. एक तरफ ईशान किशन की शानदार फॉर्म है, तो दूसरी तरफ अक्षर पटेल और नमन धीर जैसे खिलाड़ियों की ऑलराउंड क्षमता टीम के संतुलन के लिहाज से अहम है.
कोच गौतम गंभीर के साथ कप्तान शुभमन गिल

नई दिल्ली. भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जब खेलने उतरेगी तो सबकी नजर एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेगी. दोनों ही दिग्गजों ने पिछली सीरीज में धमाकेदार बल्लेबाजी की थी. न्यूजीलैंड के दौरे पर इन दोनों का कड़ा इम्तिहान होने वाला है. पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा.

टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी तय मानी जा रही है. रोहित शर्मा कप्तान शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत करेंगे. इसके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे. सबसे बड़ा सवाल यह है कि शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को प्लेइंग XI में मौका मिलेगा या नहीं. ईशान किशन इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में भी अर्धशतक लगाया था.

ईशान किशन को जगह मिलना मुश्किल?

वनडे क्रिकेट में केएल राहुल भारतीय टीम के पहली पसंद के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. इसके अलावा पहले वनडे के लिए नीतीश कुमार रेड्डी भी टीम में मौजूद हैं. गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता के कारण नीतीश का सीरीज के पहले मुकाबले में खेलना लगभग तय माना जा रहा है. मिडिल ऑर्डर की बाकी दो जगहों के लिए अक्षर पटेल, नमन धीर और ईशान किशन के बीच मुकाबला है. अक्षर और नमन स्पिन गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. ऐसे में टीम संतुलन को देखते हुए ईशान किशन को प्लेइंग XI से बाहर बैठना पड़ सकता है.

कुलदीप यादव को मिलेगा मौका ?

गेंदबाजी में कुलदीप यादव को लेकर सवाल बना हुआ है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्हें एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था. वनडे क्रिकेट में 200 से ज्यादा विकेट लेने के बावजूद प्लेइंग XI में उनकी जगह पक्की नहीं. ऐसे में देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट उन्हें मौका देता है या नहीं.

मोहम्मद सिराज की फिटनेस पर भी सस्पेंस

पहले वनडे से पहले मोहम्मद सिराज के खेलने पर संशय बना हुआ है. यह गेंदबाज न्यूजीलैंड ए के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में इंडिया ए की प्लेइंग XI का हिस्सा थे. यह मुकाबला मंगलवार (3 नवंबर) को खत्म हुआ. ऐसे में अगले ही दिन वनडे मैच खेलने के लिए वह पूरी तरह फिट होंगे या नहीं, इस पर नजर रहेगी. अगर सिराज ऑकलैंड में होने वाले पहले वनडे से बाहर रहते हैं, तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी का नेतृत्व कर सकते हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज।

  • TAGS
  • No tags found for this post.