मौसम में परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के कारण, मानसून गतिविधियां अभी दिल्ली से दूर

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी में आजकल मौसम अजीब रंग दिखा रहा है। कुछ जगह पानी बरस रहा है तो बाकी जगह सूखी है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि उमस से लोग परेशान हैं। यह सब छिटपुट बारिश के चलते हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का भी कहना है कि जबतक पूरी दिल्ली में जोरदार बारिश नहीं होती तब तक गर्मी और उमस से राहत मिलना मुश्किल है। दूसरी तरफ मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि राजधानी में मौसमी गतिविधियां हो रहीं हैं उसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है जबकि मानसून गतिविधियां होने में अभी समय बाकी है।

आज से चार दिन बारिश से येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने चार दिन आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस पूरे हफ्ते दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न इलाकों में बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। खासकर शाम के समय हवा की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में 23 और 24 जून को भी मौसम खराब रह सकता है। दोनों ही दिन तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश का अनुमान है। हालांकि, इसको लेकर किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दोनों ही दिन हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे देखी जाएगी।

तापमान में कमी, उमस से बढ़ी परेशानी

हालांकि बुधवार को दिल्ली में बारिश के प्रभाव के चलते तापमान तो ज्यादा नहीं था लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किए रखा। यदि सबसे ज्यादा तापमान की बात करें तो यह आया नगर में सबसे अधिक रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज व लोधी रोड में 33. 8 और पालम में 33.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 24.2 डिग्री दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें : Delhi CM News : आयुर्वेद को पुनर्जीवित करना जरूरी : रेखा गुप्ता