Delhi Weather Update : दिल्ली-एनसीआर में आज से बारिश तेज हवा का दौर शुरू

0
183
Delhi Weather Update : दिल्ली-एनसीआर में आज से बारिश तेज हवा का दौर शुरू
Delhi Weather Update : दिल्ली-एनसीआर में आज से बारिश तेज हवा का दौर शुरू

आने वाले तीन दिन खराब रहेगा मौसम, मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते समूचे उत्तर भारत सहित राजधानी दिल्ली और साथ लगते एनसीआर में भी मौसम में बदलाव आएगा। आज से लेकर आने वाले तीन दिन तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। मौसम के इस परिवर्तन से दिल्ली के लोगों को पिछले कई दिन से जारी चुभन भरी गर्मी से राहत मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली-एनसीआर का मौसम रविवार यानी आज से करवट लेगा। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में रविवार को सुबह और दिन के पहले पहर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

30 से 40 किलोमीटर की गति से चलेगी हवा

इस दौरान गरज और बिजली के साथ तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। झोंकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकतीं हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री और न्यूनतम 17-19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 16-17 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन में तेज सतही हवाओं की गति 15-30 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।

अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और न्यूनतम 14-17 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, 18 मार्च को हल्की बारिश और गरज के साथ तेज हवाओं का दौर संभव है। हवाओं की गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगी। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम 17-19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा, 19 और 20 मार्च को मौसम सामान्य रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे।

इस तरह दर्ज किया गया तापमान

शनिवार को दिनभर तेज धूप से लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि, हवा चलने से मौसम खुशनुमा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम 18.1 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम 24 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज और आया नगर में 33.2, लोधी रोड में 33 और पालम में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया।

इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में, 15 और 18 मार्च को हिमाचल प्रदेश में, 15 और 16 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में, तथा 16 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।