कहा, पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और उचित रखरखाव भी जरूरी
Punjab News Today (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब की वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में एक तरफ जहां भूमिगत जल बचाने के लिए लगातार प्रयारत्त है। वहीं प्रदेश का पर्यावरण सुधारने के लिए भी कई अहम प्रयास कर रही है। यह जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक ने कहा कि राज्य में पौधारोपण की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री सेक्टर-68 स्थित फारेस्ट कांप्लेक्स में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
1 जुलाई से शुरू होगा अभियान
इस दौरान उन्होंने जहां पौधरोपण पर फोकस करने की बता कही वहीं पौधों की सही देखभाल और रखरखाव पर जोर दिया। इस अवसर पर मंत्री को योजना जानकारी दी गई कि विभिन्न योजनाओं के तहत विभाग के द्वारा तकरीबन 60 लाख पौधे लगाए जाएंगे। राज्य में पौधारोपण से जुड़ा यह अभियान इस वर्ष 1 जुलाई से शुरू होगा। इसके अतिरिक्त इस वर्ष 382 नानक बगीचियां और 52 पवित्र वन स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 331 हेक्टेयर संस्थागत क्षेत्रों में भी पौधे लगाए जाएंगे। ट्यूबवेलों के आसपास पौधे लगाने के संबंध में मंत्री को जानकारी दी गई कि राज्य में मौजूद 13.66 लाख ट्यूबवेलों में से लगभग 94% पर पौधे लगाए जा चुके हैं।
चंडीगढ़-फगवाड़ा मार्ग पर किए पौधरोपण की सराहना की
मंत्री ने विभाग द्वारा चंडीगढ़-फगवाड़ा मार्ग पर किए गए उत्कृष्ट पौधरोपण कार्य की सराहना की और अधिकारियों को लुधियाना-चंडीगढ़ मार्ग पर भी इसी प्रकार ध्यान केंद्रित करने को कहा। साथ ही यह निर्देश भी दिए कि जहां-जहां पौधे लगाए गए हैं, वहां यदि कोई पौधा मुरझा कर नष्ट हो चुका हो, तो उसे हटाकर वहां नया पौधा लगाया जाए। मंत्री ने इस मौके पर मौजूद अधिकारीयों को सभी विभागीय परियोजनाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये और पौधे लगाने के अभियान में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
प्रदेश सरकार लगाएगी 3.5 करोड़ पौधे
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को ध्यान में रखते हुए, विभाग इस साल फलदार वृक्षों के 3.50 करोड़ पौधे लगाने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि इस वातावरण अनुकूल प्रयास से राज्य में वन अधीन क्षेत्रफल को बढ़ाने में बहुत मदद मिलेगी। इसके अलावा, पठानकोट जिले के धार ब्लाक में एक गेस्ट हाऊस के साथ-साथ हरीके में एक नेचर इंटरप्रीटेशन सैंटर भी बनाया गया है। इसी तरह ढोलबाहा में भी ऐसी विकास केंद्रित गतिविधियों सम्बन्धी योजनाएं बनाईं जा रही है।
ये भी पढ़ें : Jalandhar Breaking News : पंजाब में नशे की सप्लाई चेन तोड़ना ही हमारा मकसद : डीजीपी