- एनडीपीएस मामलों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, प्रॉपर्टी अटैचमेंट पर जोर
- ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के आदेश
Charkhi Dadri News(आज समाज नेटवर्क)चरखी दादरी। जिले में अपराध नियंत्रण एवं बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को चरखी दादरी एसपी अर्श वर्मा ने अपने कार्यालय में क्राइम मीटिंग आयोजित की । बैठक में डीएसपी धीरज कुमार, डीएसपी रमेश कुमार, डीएसपी सुभाषचंद्र, सभी थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी, सुरक्षा शाखा प्रभारी, पुलिस प्रवाचक व अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी शामिल रहे। बैठक में अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित सुझाव, समस्याएँ और महत्वपूर्ण मुद्दे प्रस्तुत किए गए, जिन पर पुलिस अधीक्षक ने विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं व जिले में दर्ज लंबित एवं पेंडिंग केस फ़ाइलों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को इनका शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया व अपराध नियंत्रण, तथा संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी के निर्देश दिए। एसपी ने एनडीपीएस मामलों पर सख़्त निगरानी, नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई, खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत करने और युवाओं को नशे से बचाने हेतु जागरूकता अभियान निरंतर चलाने व एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपितों और उद्घोषित अपराधियों की प्रोपर्टी अटैचमेंट के निर्देश भी दिए।
ट्रैफिक प्रबंधन और सडक़ सुरक्षा को लेकर ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए
उन्होंने अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा में संलिप्त व्यक्तियों पर कार्रवाई करने और नशा तस्करी को रोकने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी गश्त करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही, ट्रैफिक प्रबंधन और सडक़ सुरक्षा को लेकर ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर सभी थाना क्षेत्र में नियमित गश्त, सघन वाहन जांच अभियान चलाने का दिशा-निर्देश दिए व साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराध संबंधित केसों के निष्पादन, वारंट तामिल, पैरोल पर आये अपराधियों की निगरानी, सीसीटीएनएस एवं डायल-112 की तत्परता जैसे बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने हत्या, दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में डायरी एवं चार्जशीट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


