धोखाधड़ी का केस खत्म करने की एवज में मांगी रिश्वत
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार से विजिलेंस की टीम ने एक एएसआई को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार एएसआई सिविल लाइन थाने में तैनात था। एएसआई रामनिवास ने धोखाधड़ी का केस खत्म करने की एवज में 15 हजार रुपए की डिमांड की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता बलवान और देवेंद्र ने विजिलेंस को पूरे मामले की जानकारी दी। जिसको लेकर विजिलेंस ने पाउडर लगाकर नए नोटों की गड्डी शिकायतकर्ता को दे दी। जैसे ही एएसआई ने रिश्वत की डिमांड की और पैसे पकड़कर गिनने लगा तो इसी दौरान विजिलेंस की टीम ने थाने में ही एएसआई को दबोच लिया।

2023 में दर्ज हुआ था केस

बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाने में 2023 में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। हिसार के व्यक्ति ने करनाल के व्यक्ति देवेंद्र पर एक लाख 30 हजार रुपए हड़पने का केस दर्ज करवाया था। इसके कुछ साल बाद अब दोनों पक्षों में करीब एक लाख रुपए में आपसी में समझौता हो गया।

पहले मांगे 1 लाख फिर 15 हजार में तय हुआ सौदा

इसके बाद दोनों पक्ष सिविल लाइन थाने में एएसआई रामनिवास के पास पहुंचे थे। रामनिवास ने कहा कि केस खत्म करने के एक लाख रुपए लगेंगे। इस पर देवेंद्र ने कहा कि एक लाख रुपए में तो हमारा समझौता हुआ है। इसके बाद एएसआई ने 60 हजार रुपए मांगे। मगर इतने रुपए देने पर भी वह राजी नहीं हुए। इसके बाद 15 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

पैसे कम मिलने पर बोला-मोटी धाराएं केस से हटा दूंगा

कम पैसे मिलने के बाद एएसआई ने कहा कि केस तो खत्म नहीं हो पाएगा मगर मोटी धाराएं केस से हटा दूंगा ताकि जमानत में कोई दिक्कत ना हो। इसके बाद देवेंद्र और बलवान ने विजिलेंस से संपर्क कर पूरी कहानी बताई कि एएसआई केस खत्म करने के लिए रिश्वत मांग रहा है।

यह भी पढ़े : हरियाणा में तीन दिन तक बारिश के आसार, आज एक्टिव हो प्री-मानसून