Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। गाजियाबाद के मोदीनगर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोदीनगर की हरमुखपुरी कालोनी में अपना ही खून बुजुर्ग दंपत्ति की जान का प्यासा हो गया। जिस बेटे को माता- पिता ने जन्म दिया, पालन पोषण कर बड़ा किया, वही बेटा उनकी जान लेने पर उतारू हो गया। आरोप है कि बेटे ने घरेलू विवाद के चलते बुजुर्ग माता- पिता को चापड़ से बुरी तरह मारा और फिर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया और मौके से फरार हो गया। बुजुर्ग दंपत्ति को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
आरोपी ने पेट्रोल डालकर कर दिया आग के हवाले
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मोदीनगर की हरमुखपुरी कालोनी में सुशीला और रमाशंकर अपने परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि सुशीला और रमाशंकर पर उनके ही बेटे ने जानलेवा हमला किया है। आरोपी ने पहले अपने माता- पिता की चापड़ से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। खून से लथपथ हो दोनों जमीन पर गिर पड़े तो आरोपी ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। दंपत्ति को आग में झोंककर बेटा फरार हो गया।
जानकारी होने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाने के साथ ही पुलिस को सूचित किया। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से दंपत्ति को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।शुरूआती जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी पारिवारिक कलह के चलते युवक ने अपने माता- पिता की जान लेने की ठान ली और इस वारदात को अंजाम दे डाला। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बेटे को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


