मंच से दुष्यंत ने पूर्व सीएम हुड्डा पर साधा निशाना, कहा- भाजपा की सरकार बनने का मुख्य कारण हुड्डा
JJP Rally, (आज समाज), जींद: हरियाणा के जींद में रविवार को जजपा के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित रैली में एक बार फिर से दुष्यंत ‘भावी मुख्यमंत्री’ के नारे लगे। जैसे ही दुष्यंत मंच पर पहुंचे की कार्यकर्ताओं की भीड़ ने नारे लगाने शुरू कर दिए। वहीं रैली को संबोधित करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर हमला बोला। इतना ही नहीं दुष्यंत ने जजपा के टिकट पर 2019 में चुने गए विधायकों पर भी निशाना साधा।

दुष्यंत ने रैली में उपस्थित जनसैलाब को 2019 में भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने की मजबूरी भी बताई। दुष्यंत ने कहा की उस वक्त भाजपा से गठबंधन नहीं करते तो जजपा के चुने गए सातों विधायक भाग जाते। भाजपा से गठबंधन इसलिए किया ताकि चंडीगढ़ में दरवाजे खुले रखे। काम हुए या नहीं हुए, मगर ठिकाना बना के रखा।

भाजपा के फायदे के लिए हुड्डा ने बदलवाई टिकटें

रैली में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए दुष्यंत ने कहा कि 2024 में हुड्डा ने ही भाजपा से मिलकर उनकी सरकारी बनवाई है। उकलाना, नारनौंद समेत तीन सीटों पर अगर सांसद कुमारी शैलजा के लोगों को टिकट मिल जाती तो कांग्रेस की उन सीटों से जीत निश्चित थी। इतना ही नहीं, राई विधानसभा की टिकट भी बदल दी गई थी। कई सीटों पर हुड्डा ने अपने आदमी खड़े कर दिए। ताकि भाजपा को फायदा हो जाए।

विनेश फोगाट ने नहीं करवाया कोई विकास कार्य

विनेश फोगाट को लेकर कहा कि विनेश को जुलाना से लोगों ने विधायक बना दिया। मगर एक साल में कोई भी काम नहीं करवाया। हमारे पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा ने 1 साल में ही इतना काम करवा दिया था। यहां जलभराव की स्थिति में अमरजीत लोगों के बीच रहे हैं।

लोगों को आपस में लड़वाना और बांटना चाहती भाजपा

जहां पर भी हरियाणा में बड़े कांड हुए, वहां से पुलिस गायब रहती है। नूंह दंगों के दौरान एसपी छुट्टी पर थे। रामपाल कांड में भी पुलिस गायब थी। राम रहीम मामले में भी संगत को पंचकूला में इकट्ठा होने दिया। हांसी में 2016 दंगों में पुलिस गायब रही। सरकार, हरियाणा में आग लगवाना चाहती है। स्थिति से निपटने में सरकार नाकामयाब रही। सरकार लोगों को आपस में लड़वाना और बांटना चाहती है। 1980 से भाजपा का ये ही एजेंडा चल रहा है।