Amritsar Crime News : हथियारों सहित आईएसआई से जुड़े छह आरोपी काबू

0
187
Amritsar Crime News : हथियारों सहित आईएसआई से जुड़े छह आरोपी काबू
Amritsar Crime News : हथियारों सहित आईएसआई से जुड़े छह आरोपी काबू

आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने सुलझाया भिंडी सैंदा ग्रेनेड हमला केस

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : अमृतसर देहाती पुलिस ने जिला पुलिस फरीदकोट और काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर के साथ संयुक्त आॅपरेशन में दो पिस्तौल सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना भिंडी सैदां में हुए ग्रेनेड हमले के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव चक्क डोगरा निवासी बलजीत सिंह, छोटा फतेहवाल निवासी प्रभ सिंह, बाबा गम चक्क बल्लरवाल निवासी राजबीर सिंह, ठट्टा राजपूतां निवासी सुखप्रीत सिंह, लोपोके निवासी अजयदीप सिंह उर्फ अजे उर्फ गजनी और सारंगदेव निवासी साहिब सिंह उर्फ साबा के रूप में हुई है।

आईएसआई हैंडलर के सीधे सपंर्क में थे आरोपी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की आईएसआई का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर के संपर्क में थे, जो विदेश से इस मॉड्यूल को संचालित कर रहा था। उक्त हैंडलर अपने कारिंदों को पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने का काम सौंपता था। डीजीपी ने बताया कि पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से इस मॉड्यूल को पूरी तरह कट्टरपंथी बनाया गया था और घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों को अच्छे पैसों का लालच देकर प्रेरित किया जाता था।

बड़ी रकम मिलने के लालच में किया हमला

डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) संदीप गोयल ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी बलजीत सिंह और प्रभ सिंह ने घरिंडा के पास से दो हैंड ग्रेनेड हासिल किए थे। जांच में यह भी सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों को बड़ी रकम देने का वादा किया गया था, लेकिन हमले के बाद पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा उन्हें बहुत कम पैसे दिए गए।

इस तरह मिली पुलिस को कामयाबी

कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि अमृतसर देहाती पुलिस के साथ एक खुफिया अभियान में पुलिस टीमों ने थाना भिंडी सैदां ग्रेनेड हमले के मामले में शामिल दो आरोपियों को फरीदकोट से गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आगे की जांच के दौरान चार अन्य आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। अधिक जानकारी देते हुए एसएसपी अमृतसर देहाती सुहेल कासिम मीर ने बताया कि आरोपियों ने सबूत नष्ट करने के लिए थाने से लगभग एक किलोमीटर दूर एक नाले में अपने कपड़े फेंक दिए और सुबह करीब 5 बजे अपनी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब में अब बेअदबी के लिए उम्र कैद की सजा : मान