Business News Update : सर्राफा बाजार में चांदी दे रही चकमा

0
191
Business News Update : सर्राफा बाजार में चांदी दे रही चकमा
Business News Update : सर्राफा बाजार में चांदी दे रही चकमा

46 साल की सबसे बड़ी उठापटक, कुछ निवेशक हुए मालामाल, कुछ हुए कंगाल

Business News Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारत में हमेशा से ही यह परंपरा रही है कि लोग आभूषणों से खास लगाव रखते हैं। आदि काल से ही आभूषण की परंपरा भारतीय इतिहास में चलती आई है। आभूषण जहां शरीर के सौंदर्य को बढ़ाते हैं वहीं यह हमें वित्तीय सुरक्षा भी प्रदान करते हैं। इसी के चलते कई सौ साल से भारतीय लोग सोने व चांदी के आभूषणों को खरीदते आए हैं।

वहीं पिछले कुछ साल में सोने और चांदी के दाम में आए असमान्य उछाल ने निवेशकों सहित सर्राफा बाजार के पंडितों को भी हैरान किया है। इसमें भी चांदी ने पिछले वर्ष और विशेषकर इस वर्ष की शुरुआत में इतना ज्यादा रिटर्न दिया की सभी हैरान हो गए। आंकड़ों की बात करें तो चांदी इस साल 29 जनवरी को चार लाख रुपए का स्तर पार कर गई जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। लेकिन उसके बाद चांदी लगातार नीचे की तरफ गई और यह वर्तमान में 2.55 लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है।

1980 के बाद सबसे बड़ा अपसेट

एक रिपोर्ट ने चांदी को लेकर चिंताजनक तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के अनुसार, चांदी अपने 29 जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से करीब एक-तिहाई टूट चुकी है। बाजार में कम लिक्विडिटी और आक्रामक पोजिशनिंग के कारण चांदी में कीमतों का उतार-चढ़ाव 1980 के बाद सबसे चरम स्तर पर पहुंच गया है। वैश्विक बाजार में भी स्पॉट गोल्ड 0.43% गिरकर 5,062.46 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी लगभग 2% गिरकर 82.84 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

शुक्रवार को इस तरह रहा हाल

पिछले कई दिन से कीमती धातुओं के दाम में चल रही अस्थिरता शुक्रवार को भी कायम रही। दिनभर दोनों के दाम खूब ऊपर और नीचे की तरफ गए। लेकिन बाजार बंद होने के समय ये दोनों ही अपने पिछले स्तर से काफी ज्यादा नीचे बंद हुई। शुक्रवार का दिन दिल्ली सर्राफा बाजार में सुस्त मांग और वैश्विक संकेतों के बीच चांदी की कीमत 5% से अधिक टूटकर 2.55 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। वहीं दूसरी तरफ सोने की कीमतों में भी भारी नरमी देखी गई, इससे निवेशकों और ज्वैलर्स ने सतर्कता बरती।

आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को बाजार में व्यापक बिकवाली का दबाव रहा। चांदी की कीमत में 13,500 की भारी गिरावट दर्ज की गई। यह 5.03% टूटकर 2,55,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई। गुरुवार को यह 2,68,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर थी। वहीं दूसरी तरफ सोना 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 2,400 रुपए की गिरावट आई। यह 1.5% टूटकर 1,58,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 1,60,900 प्रति 10 ग्राम पर था।

ये भी पढ़ें : Foreign Exchange Reserves : रिकॉर्ड स्तर पर जाकर गिरा विदेशी मुद्रा भंडार