• भूस्खलन में परिवार का एक घर ढह गया
  • तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई
  • बारिश के कारण खोज अभियान जटिल

Landslide In Sikkim, (आज समाज), गंगटोक: पुर्वोत्तर राज्य सिक्किम में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 4 लोगों की मौत हो गई और कई लापता बताए गए हैं। घटना पश्चिम सिक्किम के यांगथांग निर्वाचन क्षेत्र के अपर रिम्बी में हुई है। एक घर के मलबे से 7 वर्षीय बच्ची को जिन्दा बचाया गया है। बच्ची की पहचान एंजेल राय के रूप में हुई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण खोज अभियान जटिल हो रहा है और भूस्खलन का खतरा और बढ़ रहा है। 

यह भी पढ़ें : Sikkim Weather: बारिश व भूस्खलन के कारण लाचेन में फंसे 113 पर्यटकों तक पहुंची सेना

लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी

अधिकारियों ने आज बताया कि भूस्खलन लगभग आधी रात को हुआ और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान अभी जारी है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक परिवार का घर ढह गया और कम से कम तीन निवासियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल व्यक्ति की बाद में ज़िला अस्पताल में मौत हो गई। 

पुलिस, एसएसबी, और ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान

गेजिंग (Geyzing) के पुलिस अधीक्षक (Superintendent of Police) शेरिंग शेरपा (shering Sherpa) ने बताया कि अपर रिंपी में भूस्खलन होने की सूचना मिलने के बाद इलाके की पुलिस के अलावा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों और ग्रामीणों ने संयुक्त अभियान चलाकर बचाव का काम शुरू किया। शेरिंग शेरपा के अनुसार बचाव दल ने मकान के मलबे से दो घायल महिलाओं को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

उफनते जलमार्गों के कारण मौके तक पहुंचने में मुश्किल हुई

एसपी ने बताया कि खराब मौसम और उफनते जलमार्गों के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में मुश्किल हुई। उन्होंने कहा कि बाढ़ के पानी से कटे प्रभावित घरों तक पहुंचने के लिए, बचावकर्मियों ने खतरनाक रूप से उफनती ह्यूम नदी पर लकड़ी का एक पुल बनाया, जिससे बचाव दल जीवित बचे लोगों और उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा सके।

स्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण : अधिकारी

एक अधिकारी ने कहा, स्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। खोज दल स्थानीय ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को भी मलबे और आस-पास के नदी तटों में तलाशी में लगे रहे। अभी सभी मृतकों या लापता लोगों की पहचान जारी नहीं की गई  है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि वे प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय और चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए राहत एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। क्षेत्र में बारिश के पूर्वानुमान पर भी नज़र रख रहे हैं।

यह भी पढ़ें : Sikkim Landslides: चाटन में फंसे 28 लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला