कहा, जेल प्रशासन में सुधार लाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत्त

Chandigarh News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा है कि प्रदेश की जेलों में व्यवस्था सुधार पर सरकार का पूरा फोकस है। इसी का परिणाम है कि पिछले दिनों शिकायत मिलने पर बड़ी संख्या में जेल अधिकारी और कर्मचारी सस्पेंड किए गए। उन्होंने कहा कि जेल में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उनके संज्ञान में है और जल्द इसे पूरा किया जाएगा।

जेल मंत्री पंजाब सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान 12 नव-नियुक्त जेल कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ आत्म नगर, लुधियाना से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और एडीजीपी जेल अरुण पाल सिंह भी उपस्थित थे।

इनको सौंपे गए नियुक्ति पत्र

मंत्री ने बताया कि नव-नियुक्त कर्मचारियों में 5 जेबीटी अध्यापक भी शामिल हैं, जो कैदियों और उनके बच्चों को शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने और पुनर्वास का मार्ग आसान होगा। इसके अतिरिक्त, 3 क्लर्क, 1 वार्डर और 3 ग्रुप-डी अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। भुल्लर ने कहा कि ये नियुक्तियां मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की पहल का हिस्सा हैं, जो जेल विभाग में लगातार नियमित भर्तियां कर रही हैं।

कैदियों को शिक्षित करना जरूरी

जेल मंत्री ने कहा कि ये अध्यापक कैदियों और उनके बच्चों को शिक्षित करेंगे और उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुन: शामिल करने में मदद करेंगे। मान सरकार जेलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बना रही है और कैदियों के लिए शिक्षा, कौशल विकास और कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से सेवाओं में सुधार किया जा रहा है। नव नियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए मंत्री ने उन्हें उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने को कहा। गौरतलब है कि जनवरी 2025 में भुल्लर ने 15 जेबीटी अध्यापकों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे, जो जेल विभाग में इन पदों के लिए पहली बार की गई नियमित नियुक्ति थी।

ये भी पढ़ें : Punjab News : ऐतिहासिक शहर सुल्तानपुर लोधी की बदलेगी नुहार : डॉ. रवजोत सिंह