
पुलिस ने उद्धव कांबले के खिलाफ दर्ज किया मामला
Maharashtra Municipal Corporation Elections, (आज समाज), मुंबई: पुणे में शिवसेना के एक उम्मीदवार पर अपनी ही पार्टी के कैंडिडेट का ए-बी फॉर्म फाड़कर निगलने का मामला प्रकाश में आया है।
घटना बुधवार को धनकवड़ी सहकारनगर वार्ड कार्यालय में हुई। बाद में भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में शिवसेना के उम्मीदवार उद्धव कांबले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुणे में वार्ड नंबर 34 के लिए शिवसेना के दो उम्मीदवारों को ए-बी फॉर्म जारी किए गए थे।
इसके बाद शिवसेना के उम्मीदवारों कांबले और मच्छिंद्र धवले के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस के मुताबिक बहस के दौरान, कांबले ने धवले का ए-बी फॉर्म छीन लिया, उन्हें फाड़ दिया और टुकड़े निगल लिए। फॉर्म ए और बी जरूरी दस्तावेज हैं जिनके तहत एक राजनीतिक पार्टी किसी खास नॉमिनी को चुनाव में अपना उम्मीदवार घोषित करती है।
खुद पुलिस स्टेशन पहुंचे उद्धव कांबले
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस कांबले की तलाश कर रही थी। इस दौरान दस्तावेज निगलने वाले उद्धव कांबले खुद पुलिस स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वे पार्टी के कुछ पदाधिकारियों के साथ खुद पुलिस के सामने आए हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि वे वार्ड संख्या 36 से पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार हैं और पार्टी ने उन्हें ए-बी फॉर्म दिया था। हालांकि, चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनके कार्यों के कारण उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
15 जनवरी को होगी वोटिंग
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव से पहले बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होने हैं, काउंटिंग अगले दिन होगी। नॉमिनेशन प्रक्रिया 23 दिसंबर को शुरू हुई थी, जो 30 दिसंबर को खत्म हुई। 2 जनवरी नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है। उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट 3 जनवरी को जारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: गुवाहाटी-कोलकाता के बीच चलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

