शिमला: उपचुनावों को लेकर भाजपा इलेक्शन मोड में : सुरेश कश्यप

0
288

कहा- उपचुनाव अधिसूचना जारी होते ही घोषित कर दिए जाएंगे प्रत्याशी
आज समाज डिजिटल, शिमला:
हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी तरह से इलेक्शन मोड में है। प्रदेश में होने वाले चार उपचुनावों के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा चारों उपचुनावों पर जीत दर्ज करेगी। वे शुक्रवार को शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबोधित कर रहे थे।
सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा उपचुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। भाजपा ने उपचुनावों की तैयारियां कर ली हैं। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र तथा फतेहपुर, अर्की और जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों के लिए पार्टी ने प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। साथ ही अन्य सभी फ्रंटल संगठन भी चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों के लिए संभावित पार्टी प्रत्याशियों का फीडबैक भी लिया जा रहा है। उपचुनावों की अधिसूचना जारी होते ही प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की घोषणा के बाद संबंधित हलके के सभी नेता उम्मीदवार के साथ चलेंगे और पार्टी की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार घोषित होने तक पार्टी का हर प्रत्याशी और कार्यकर्ता संभावित उम्मीदवार होता है, लेकिन नामों की घोषणा होते ही पूरी पार्टी एकजुट हो जाती है।
सुरेश कश्यप ने माना कि महंगाई एक मुद्दा है। साथ ही कहा कि यह हर चुनावों में मुद्दा रहा है। फिर चाहे सत्ता में भाजपा हो या कांग्रेस। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार ने लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि वैश्विक कारणों से है और इसमें केंद्र या प्रदेश सरकार की कोई भूमिका नहीं है। फिर भी केंद्र और राज्य सरकार महंगाई कम करने को लेकर कदम उठा रहे हैं।
कश्यप ने कहा कि सेब के दामों में अचानक आई भारी गिरावट के मामले पर उन्होंने मुख्यमंत्री से भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में बागवानी मंत्री से भी चर्चा करेंगे। बागवानों को राहत देने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
जन आशीर्वाद यात्रा रही पूरी तरह सफल
सुरेश कश्यप ने पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा को पूरी तरह सफल करार दिया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और नए मनोबल का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को समाज के हर वर्ग का समर्थन मिला। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान केवल 84 स्वागत कार्यक्रम तय किए गए थे, लेकिन इसकी तुलना में 184 कार्यक्रम आयोजित हुए और इस दौरान 630 किमी की दूरी तय की गई। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में भी सफल रही। इस यात्रा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल व शांता कुमार, पार्टी के मंत्री, विधायक और अन्य नेता शामिल हुए, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर इस यात्रा में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह के पुत्र मंडी और अवाहदेवी में कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

 

SHARE