Shashi Tharoor On Dynastic Politics, (आज समाज), नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने देश में पंजाब, दिल्ली, बिहार व ओडिशा तक एक्टिव वंशवादी राजनीति को भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है। उन्होंने अपने लेख में नेहरू-गांधी परिवार से लेकर पंजाब के बादल परिवार, बिहार के लालू परिवार, पासवान परिवार, तमिलनाडु में करुणानिधि परिवार, मुफ्ती और अब्दुल्ला परिवारों, महाराष्ट्र में ठाकरे बंधु और ओडिशा के नवीन पटनायक परिवार का जिक्र करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए घातक बताया है। उनकी इस टिप्पणी पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है।
‘नेहरू-गांधी परिवार’ सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार
‘इंडियन पॉलिटिक्स आर ए फैमिली बिजनेस’ (भारत राजनीति एक पारिवारिक व्यापार है) शीर्षक से अपने आर्टिकल में शशि थरूर ने ‘नेहरू-गांधी परिवार’ को देश की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार बताया है। उन्होंने कहा है कि नेहरू-गांधी परिवार की विरासत स्वतंत्रता के आंदोलन से जुड़ी है, पर इसके चलते कुछ लोगों की सोच यहां तक हो गई है कि पॉलिटिक्स कुछ परिवारों का जन्मसिद्ध अधिकार है। थरूर ने लिखा कि ‘वंशवादी राजनीति लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।
प्रभावित होती है एडमिनिस्ट्रेशन की गुणवत्ता
कांग्रेस सांसद ने अपने लेख में लिखा है कि जब किसी राष्ट्र की सियासी सत्ता, समर्पण, योग्यता अथवा जमीनी जुड़ाव के बजाय खानदान से तय होती है तो इससे एडमिनिस्ट्रेशन की गुणवत्ता प्रभावित होती है। कम प्रतिभा वाले लोगों को चुनना कभी लाभदायक नहीं होता है। ऐसा जब और मुश्किल हो जाता है जब प्रत्याशियों की मुख्य योग्यता उनका उपनाम होता है।
आम जनता से दूर रहते हैं राजनीतिक परिवारों के लोग आम
शशि थरूर ने कहा, राजनीतिक परिवारों के लोग आम जनता की समस्याओं से अक्सर दूर रहते हैं। वे मतदाताओं की आवश्यकताओं का प्रभावी ढंग से जवाब देने में भी विशेष तौर पर विफल रहते हैं। इसके बावजूद यह कोई जरूरी नहीं है कि खराब परफॉर्मेंस के लिए उन्हें जवाबदेह बनाया जाएगा।
पारिवारिक इतिहास के कारण किसी को नहीं रोक सकते : कांग्रेस
नेहरू-गांधी परिवार का नाम लेकर थरूर के वंशवादी राजनीति के आरोपों के बाद कांग्रेस नेता राशिद अल्वी और कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अल्वी ने कहा, पारिवारिक इतिहास के कारण किसी को राजनीति में आने से नहीं रोक सकते। प्रमोद तिवारी ने कहा, पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत के सबसे सक्षम पीएम थे। इंदिरा गांधी ने जीवन बलिदान करके खुद को साबित किया। वहीं राजीव गांधी ने भी देश के लिए बलिदान दे दिया। उन्होंने कहा, ऐसे में यदि कोई गांधी परिवार के वंशवाद की बात करे तो फिर देश में दूसरा परिवार कौन है जिसने ऐसा समर्पण, बलिदान और क्षमता दिखाई है। कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, एक बिजनेसमैन का बेटा बिजनेसमैन बनता है और एक डॉक्टर का बेटा डॉक्टर बनता है, तो राजनीति भी अपवाद नहीं है।
खतरों के खिलाड़ी बन गए हैं शशि थरूर : भाजपा
भाजपा के प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने सोशल मीडिया पर लिखा, शशि थरूर खतरों के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने नेपो किड या वंशवाद के नवाबों राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा, जब मैंने 2017 में नेपो नामदार राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी की थी तो आप जानते हैं कि मेरे साथ क्या हुआ। सर आपके लिए प्रार्थना कर रहा हूं। फर्स्ट फैमिली बदला जरूर लेती है।
ये भी पढ़ें: Shashi Tharoor: कांग्रेस नेता की सभी दलों से राष्ट्रीय सुरक्षा पर एकजुट होने की अपील