Weather Update Today : पहाड़ों में प्रचंड सर्दी शुरू, जल्द गिरेगा मैदानों का पारा

0
66
Weather Update Today : पहाड़ों में प्रचंड सर्दी शुरू, जल्द गिरेगा मैदानों का पारा
Weather Update Today : पहाड़ों में प्रचंड सर्दी शुरू, जल्द गिरेगा मैदानों का पारा

कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगहों पर माइनस में पहुंचा तापमान, मैदानी राज्यों में भी आ रही तापमान में गिरावट

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : जैसे-जैसे नवंबर माह आगे जा रहा है वैसे-वैसे सर्दी भी बढ़ने लगी है। हालांकि अभी भी उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर है। रातें जहां सर्द हो रही हैं वहीं दिन में धूप खिलने से सर्दी का उतना अहसास नहीं हो रहा। जबकि पहाड़ों में स्थिति इसके विपरीत है। यहां पर ऊंचे स्थानों पर जहां हिमपात हो चुका है वहीं पहाड़ों से गुजरकर मैदानों में आने वाली हवाएं सर्दी को प्रचंड बना रही हैं। जिसके चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और इस साल का सर्दी का सीजन शुरू हो चुका है।

लाहौल स्पीति, श्रीनगर में मानइस सात पहुंचा पारा

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति के ताबो में ाापमान माइनस 7.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इसके साथ ही किलोंग में पारा माइनस 3.3 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 3.1 डिग्री रहा जोकि सामान्य से काफी कम है। ऊंचाई वाले इलाकों में पानी की पाइपें जम गई हैं और सुबह के समय बफीर्ली हवाओं से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जहां पारा माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। लगभग सभी इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री और गुलमर्ग में माइनस 0.5 डिग्री दर्ज किया गया। काजीकुंड में पारा माइनस 1.5 डिग्री और उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में माइनस 2.2 डिग्री तक गिर गया।

राजस्थान का सीकर सबसे ठंडा रहा

राजस्थान में फिलहाल बारिश नहीं हो रही, लेकिन ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। बीते 24 घंटे में अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सीकर जिले के फतेहपुर में पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम है और आने वाले हफ्ते भर मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है।

हरियाणा, पंजाब और यूपी में भी रातें सर्द

एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में दिन और रात का तापमान गिर रहा है। वहीं पहाड़ों में बर्फबारी का असर हरियाणा, पंजाब और उत्तरप्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। यहां पर दिन का तापमान चाहे थोड़ा ज्यादा हो लेकिन सुबह-शाम पूरी तरह ठंड क अहसास हो रहा है। रातें ठंडी होने से तापमान में गिरावट आ रही है। कृषि वैज्ञानिकों ने बताया है कि ठंड फसलों के लिए लाभदायक है और इससे फसलों का फुटाव अच्छा होगा।