शुक्रवार सुबह जगराओं से वृंदावन बस द्वारा पहुंचे थे सभी श्रद्धालू
Punjab Breaking News (आज समाज), लुधियाना/जगराओं : बीते दिन वृंदावन धार्मिक यात्रा पर गए पंजाब के श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी बोट हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही समूचे राज्य विशेषकर लुधियाना और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। क्योंकि यात्रा पर गए ज्यादात्तर श्रद्धालू इसी एरिया से संबंधित थे।
इस हादसे में जिन 10 श्रद्धालुओं की मौत हुई उनमें से सात एक ही परिवार से संबंधित हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए श्रद्धालुओं में जगराओं के मधुर बहल, उसकी माता कविता बहल, चाचा चरणजीत, चरणजीत की पत्नी पिंकी बहल, मधुर की बुआ आशा रानी, दूसरी बुआ अंजू गुलाटी और फूफा राकेश गुलाटी शामिल हैं।
2 बसों में 130 श्रद्धालू गए थे वृंदावन
जानकारी के मुताबिक गुरुवार (9 अप्रैल) को जगराओं के श्री बांके बिहारी क्लब की तरफ से 2 बसों में 130 श्रद्धालुओं को ले जाया गया था। जिसमें से 90 जगराओं से और बाकी अन्य शहरों से थे। वृंदावन की 4 दिन की यात्रा थी। शुक्रवार को श्री बांके बिहारी के दर्शन के बाद श्रद्धालु यमुना पार कर मंदिरों के दर्शन के लिए जा रहे थे। जो नाव पलटी, उसमें जगराओं के रहने वाले 30 श्रद्धालु सवार थे।
हादसे के पीछे यह वजह बताई जा रही
जगराओं में श्रद्धालुओं के परिचितों के मुताबिक यमुना में पीपों का पुल बनाया गया था। जलस्तर बढ़ने के बाद इन्हें खोल दिया गया। इसके बाद यह यमुना में बहने लगे। इनसे टकराकर ही नाव पलटी। बताया जा रहा है कि जिस नाव में सभी सवार थे उसमें नियमों की अनदेखी की गई। किसी ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी।
नाव में सवार श्रद्धालू ने यह बताया
जिस नाव के साथ हादसा हुआ, उसमें लुधियाना जिले के जगराओं के तनिष जैन भी सवार थे। उन्होंने बताया दो बसों से करीब 130 लोग वृंदावन घूमने आए थे। सभी वृंदावन में फोगला आश्रम के पास रुके हैं। उन्होंने कहा कि हमारी नाव जब पीपा पुल के पास पहुंची तो हम लोगों ने नाविक से कहा कि पुल आने वाला है, रोक लीजिए। लेकिन उसने नहीं रोका। 2 बार नाव टकराने से बची। तीसरी बार में टक्कर हो गई। पास में कुछ गोताखोर थे, जिन्होंने हमें बचाया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जताया दुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मथुरा के निकट यमुना नदी में जगराओं के श्रद्धालुओं को ले जा रही एक नाव के पलटने से हुए दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस घटना ने एक आध्यात्मिक यात्रा को भयावह त्रासदी में बदल दिया, जिसने कई परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। एक संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जगराओं के 32 निवासियों को वृंदावन ले जा रही एक नाव मथुरा के पास यमुना नदी में पलट गई। इस दुखद हादसे में कुछ श्रद्धालुओं की डूबने से मृत्यु हो गई। उन्होंने आगे कहा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार संपर्क में हूं।


