सेंसेक्स 148 व निफ्टी में 87.95 अंक की गिरावट

Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर से बिकवाली हावी रही। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने जहां सकारात्मक शुरुआत करते हुए शुरुआती बढ़त बनाई वहीं इसके बाद पूरा दिन उथल-पुथल भरे कारोबार के बीच शाम को बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 148.14 अंक या 0.18 प्रतिशत गिरकर 83,311.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 83,846.35 के उच्च स्तर और 83,237.65 के निम्न स्तर को छुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 87.95 अंक या 0.34 प्रतिशत गिरकर 25,509.70 अंक पर बंद हुआ।

यह रहा गिरावट के पीछे मुख्य कारण

शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और प्रमुख शेयर बाजार आईसीआईसीआई बैंक में बिकवाली सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट का मुख्य कारण बने। सेंसेक्स की कंपनियों में पावर ग्रिड, इटरनल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और एनटीपीसी प्रमुख रूप से पिछड़े रहे। वहीं एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट लाभ में रहे।

यूरोपीय बाजार में दिखी गिरावट

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुए। यूरोप के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। बुधवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।

सोने और चांदी में आई तेजी

गुरुवार को भारतीय सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में तेजी दिखाई दी। जानकारों का कहना है कि इस तेजी के पीछे भारतीय सर्राफा बाजार में इन दोनों कीमती धातुओं की जबरदस्त मांग और वैश्विक स्तर पर तेजी के चलते आई है। यदि भारतीय सर्राफा बाजार की बात करें तो दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमत दो दिन की गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए गुरुवार को 600 रुपए की तेजी के साथ 1,24,700 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई।

वहीं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाली इस बहुमूल्य धातु का भाव 600 रुपए बढ़कर 1,24,100 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। वहीं चांदी की कीमत गुरुवार को 1,800 रुपए बढ़कर 1,53,300 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। वैश्विक स्तर पर सोना हाजिर 28.96 डॉलर या 0.73 प्रतिशत बढ़कर 4,008.19 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी हाजिर 1.22 प्रतिशत बढ़कर 48.60 डॉलर प्रति औंस हो गई।