खाली गई मौसम विभाग की भविष्यवाणी, तेज हवा तो चली लेकिन नहीं बरसे बादल, गर्मी ने दिखाया प्रचंड रूप
Delhi Weather Today (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में सोमवार को आसमान से आग बरसी। तेज धूप ने लोगों को पूरा दिन पसीने से तरबतर रखा। बाजारों में दिन के समय सन्नाटा सा छाया रहा। लोग गर्मी से परेशान दिखाई दिए और तापमान 45 डिग्री की तरफ अग्रसर हो गया। हालांकि मौसम विभाग ने 19 से लेकर 24 मई तक राजधानी दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं की भविष्यवाणी की थी। लेकिन कम से कम 19 मई को ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं दिया।
अब मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि 20 से 25 मई तक बारिश की संभावना है। ऐसे में रविवार तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से बहुत हल्की बारिश से साथ और तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है, जो गरज के साथ अस्थायी रूप से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। पारा गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
विज्ञापन
पारा पहुंचा 40 के पार
राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 40.9, रिज में 40.3, और लोधी रोड में 39.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोधी रोड में 27.6, आया नगर में 27.5, और पालम में 27.4 डिग्री दर्ज हुआ।
इस बार समय से पहले मानसून आने की उम्मीद
भारतीय मौसम विभाग ने इस बार समय से पहले मानसून के देश में दस्तक देने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अक्सर हर साल जहां एक जून को मानसून केरल के तट से टकराता है वहीं इस बार 27 मई को उसके केरल तट से टकराने की उम्मीद है। वहीं इस बार देश में मानसून के दौरान सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है।