Sanju Samson : संजू सैमसन जल्द फार्म में वापसी करेगा : मोर्ने मोर्कल

0
713
Sanju Samson : संजू सैमसन जल्द फार्म में वापसी करेगा : मोर्ने मोर्कल
Sanju Samson : संजू सैमसन जल्द फार्म में वापसी करेगा : मोर्ने मोर्कल

कहा, इस धांसू खिलाड़ी को बस एक अच्छी पारी की जरूरत

Sanju Samson (आज समाज), खेल डेस्क : टी-20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन मैच जीतकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पांच मैचों की सीरीज में टीम इंडिया जबरदस्त खेल का प्रदर्शन कर रही है। कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित सभी प्रमुख बल्लेबाजों का बल्ला रन उगल रहा है। इसी बीच टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का लगातार असफल होना है। तीन मैचों में संजू का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा है जोकि टीम के विश्व कप अभियान के लिए अच्छा संकेत नहीं है। हालांकि कप्तान और टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि संजू जल्द फार्म में वापसी करते हुए बड़े रन बनाएंगे।

फार्म से मात्र एक पारी दूर सैमसन

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल संजू की फार्म से चिंतित नहीं हैं। मोर्कल को भरोसा है कि सैमसन जल्द फॉर्म में वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि सैमसन के पास अब खुद को साबित करने के लिए ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है। अगर सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ शेष दो मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल पाते हैं तो विश्व कप में उनकी जगह ईशान किशन शीर्ष क्रम पर उतर सकते हैं।

तिलक वर्मा के अनुपस्थित रहने का फायदा भी सैमसन को मिल रहा है क्योंकि तिलक की जगह तीसरे नंबर पर ईशान उतर रहे हैं। ऐसे में ओपनर के तौर पर सैमसन अभिषेक शर्मा के जोड़ीदार के रूप में उतर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि लगातार तीन मैचों में सस्ते में आउट होने के बाद टीम प्रबंधन सैमसन पर भरोसा जताता है या नहीं।

विश्व कप की तैयारी के लिए संजू की फार्म जरूरी

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच की पूर्व संध्या पर मोर्कल ने कहा, संजू बस एक पारी दूर हैं जिससे उन्हें आत्मविश्वास मिलेगा और उनका फॉर्म में वापसी हो जाएगी। हमारे लिए विश्व कप की तैयारी के लिहाज से यह जरूरी है कि खिलाड़ी सही समय पर अपनी फॉर्म हासिल करें। वह अच्छी तरह अभ्यास कर रहे हैं और गेंद को बहुत अच्छे से मार रहे हैं। केरल के इस बल्लेबाज ने नेट्स के किनारे मुख्य कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ लंबी बातचीत की, जबकि श्रेयस अय्यर अपना अभ्यास जारी रखे हुए थे। दोनों कोच सैमसन को कुछ बातें समझाते दिख रहे थे।

ये भी पढ़ें : Ind vs NZ 4th T20 : आज न्यूजीलैंड के खिलाफ बढ़त मजबूत करने उतरेगा भारत