शांति वार्ता के बीच यूक्रेनी राष्टÑपति ने रूसी सेना पर लगाए गंभीर आरोप
Russia-Ukraine War (आज समाज), कीव : रूस और यूक्रेन के बीच शांति बहाल कराने के लिए अमेरिका और यूरोप पूरी कोशिश में जुटे हैं। एक तरफ जहां डोनाल्ड ट्रंप के विशेष प्रतिनिधि ने गत दिवस दोनों देशों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग वार्ता की और इसे काफी ज्यादा सार्थक बताया। दूसरी तरफ इस सबके बीच यूक्रेन के राष्टÑपति जेलेंस्की ने एक बार फिर से रूसी राष्टÑपति और सेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जेलेंस्की ने दावा किया है कि बीते एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर करीब 1300 अटैक ड्रोन, लगभग 1200 गाइडेड एरियल बम और नौ मिसाइलें दागीं। इन हमलों का सबसे ज्यादा असर देश के दक्षिणी हिस्सों और ओडेसा क्षेत्र में देखा गया है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार रात ओडेसा क्षेत्र में हुए रूसी हमले में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। आपात सेवाओं ने बताया कि एक बंदरगाह क्षेत्र को मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
रूस आम नागरिकों को बना रहा निशाना
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रूस की लगातार बमबारी और ड्रोन हमलों से आम नागरिकों की जिंदगी प्रभावित हुई है, लेकिन यूक्रेन की आपात सेवाएं हालात को सामान्य बनाने में जुटी हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार समर्थन मिल रहा है। यूरोपीय परिषद ने 2026-27 के लिए 90 अरब यूरो की वित्तीय सहायता मंजूर की है। इसके अलावा नॉर्वे और जापान ने भी सहायता पैकेज देने का ऐलान किया है। वहीं, पुर्तगाल के साथ समुद्री ड्रोन के संयुक्त उत्पादन को लेकर समझौता हुआ है।
शांति वार्ता की कोशिशें जारी
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर बातचीत चल रही है। उनका कहना है कि रूस पर दबाव और कड़े प्रतिबंध जरूरी हैं, ताकि कूटनीति के जरिए सम्मानजनक शांति का रास्ता निकाला जा सके। उधर, रूस की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि अमेरिका के साथ चल रही बातचीत ‘रचनात्मक’ माहौल में आगे बढ़ रही है। हालांकि, जमीनी हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। जेलेंस्की ने दो टूक कहा कि युद्ध किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता और आक्रामकता का जवाब अंतत: उसी देश को भुगतना पड़ता है।
ये भी पढ़ें : Bangladesh Protest News : राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही बांग्लादेशी सरकार : शेख हसीना


