Rupee against Dollar : डॉलर के मुकाबले रुपया नए निचले स्तर पर पहुंचा

0
1094
Rupee against Dollar : डॉलर के मुकाबले रुपया नए निचले स्तर पर पहुंचा
Rupee against Dollar : डॉलर के मुकाबले रुपया नए निचले स्तर पर पहुंचा

मंगलवार को एक डॉलर की कीमत 95.25 रुपए हुई, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का पड़ा असर

Rupee against Dollar  (आज समाज), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान में जारी तनाव के चलते कच्चे तेल की आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। इसी के चलते अंतरराष्टÑीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत एक बार फिर से बढ़ते हुए मंगलवार को 113 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर के आसपास पहुंच गई।

कच्चे तेल की इन ऊंची कीमतों के दबाव के कारण मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे टूटकर 95.25 के अपने सर्वकालिक (रिकॉर्ड) निचले स्तर पर आ गया, जिससे निवेशकों में और अधिक सतर्कता देखी गई। जानकारों का कहना है कि भारतीय मुद्रा में सुधार के लिए आरबीआई ने पिछले दिनों कई नए कदम उठाए थे लेकिन वह सुधार लंबा नहीं चल सका और भारतीय मुद्रा एक बार फिर से कमजोर होना शुरू हो गई है।

रुपए में कमजोरी के चलते शेयर बाजार भी टूटा

मंगलवार को सेंसेक्स 251.61 अंक गिरकर 77,017.79 पर बंद हुआ वहीं निफ्टी 86.50 अंक गिरकर 24,032.80 पर आ गया। डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे गिरकर 95.25 (अस्थायी) के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। इसके चलते 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 251.61 अंक (0.33 प्रतिशत) टूटकर 77,017.79 पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 86.50 अंक (0.36 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 24,032.80 पर बंद हुआ।

बाजार में किन शेयरों का रहा दबदबा

गिरावट के इस माहौल में सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में सबसे ज्यादा नुकसान दर्ज किया गया। दूसरी तरफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। इस बीच, सोमवार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बाजार में 2,835.62 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की थी।

सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी

दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में एक बार फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यहां पर दिन का कारोबार समाप्त होने के समय एक तरफ जहां सोना अपने पिछले स्तर से 300 रुपए सस्ता हुआ वहीं चांदी के दाम में 1500 रुपए की तेजी दिखाई दी। इसी के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमत 1,500 रुपये उछलकर 2.51 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,49,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। दूसरी ओर, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 300 रुपये गिरकर 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

ये भी पढ़ें : Share Market Update : वैश्विक भू राजनीतिक तनाव के चलते शेयर बाजार में गिरावट