15 यात्री घायल, शीशे तोड़कर निकाला बाहर
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: हरियाणा के सिरसा में आज सुबह एक सवारियों से भरी रोडवेज बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 15 सवारियों के घायल होने का समाचार है। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बस के फ्रंट के शीशे तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।

बस ड्राइवर व कंडक्टर को भी चोट आई है। कुछ घायलों को तुरंत रानियां के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उधर, सूचना मिलते ही रोडवेज और पुलिस विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। बस सिरसा डिपो की थी। जो बणी गांव से सिरसा जा रही थी।

कार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

रविवार सुबह 10 बजे ड्राइवर ने छह किलोमीटर दूर दूसरे गांव करीवाला से सवारियां बस में चढ़ाईं थीं। जब बस चली तो सामने से एक कार आ गई। कार को बचाने के चक्कर में बस बेकाबू होकर पलट गई।

ड्राइवर विनोद कुमार ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। जैसे ही बस खेतों में पलटी, उसमें सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई।

ग्रामीणों ने सवारियों को निकाला बाहर

हादसा होता देख गांव करीवाला के ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि ड्राइवर-कंडक्टर सहित सभी सवारियां अंदर ही फंस गई हैं। इसके बाद लोगों ने बस के फ्रंट शीशे को तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में करीब 15 सवारियां को गंभीर चोटें आई हैं। ड्राइवर कंडक्टर भी घायल हो गए।

घायलों को रानियां के अस्पताल में कराया भर्ती

सभी घायलों को तुरंत रानियां के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां उनका उपचार किया गया। कुछ को मरहम-पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। बाकी यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। कुछ घायल यात्रियों को सिरसा के लिए रेफर कर दिया गया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों पर फिर से सब्सिडी देने की तैयारी में सरकार