Projects worth Rs 7.52 crore in Kalka : सड़क विकास को गति, कालका में 7.52 करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला रखी : विधायक शक्तिरानी शर्मा

0
301
Road development to gain momentum, foundation stone laid for projects worth Rs 7.52 crore in Kalka MLA Shakti Rani Sharma

Panchkula News(आज समाज नेटवर्क) पिंजौर। कालका विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार देते हुए माननीय विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने ब्लॉक पिंजौर की विभिन्न स्थानों पर सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल लगभग 7 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आधारभूत ढाँचा मजबूत होगा।
लिंक रोड सूरजपुर के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिस पर लगभग 86.50 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही मानकपुर रोड के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई, जिसकी अनुमानित लागत करीब 84.54 लाख रुपये है।

इसके उपरांत लगभग 5 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें लिंक रोड लोहगढ़ (84.14 लाख रुपये), लिंक रोड वासुदेवपुरा (85.94 लाख रुपये) तथा लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी लिंक रोड प्रेमपुरा शामिल है, जिस पर करीब 3 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अतिरिक्त किरतपुर लिंक रोड के सुधार कार्य भी लगभग 32 लाख रुपये की लागत से किए जाएंगे।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने कहा

“मजबूत और बेहतर सड़क नेटवर्क क्षेत्र के विकास की रीढ़ होता है। इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों और आमजन के दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।”
उन्होंने आगे कहा—
“कालका विधानसभा का कोई भी गाँव या गली विकास से वंचित न रहे, यही हमारा संकल्प है। चाहे कालका हो, पिंजौर, रायतन, रायपुर रानी या मोरनी—हर ब्लॉक में विकास की रफ्तार समान रूप से तेज़ है और कार्य निरंतर प्रगति पर हैं। जनता से किए गए हर वादे को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।”

विधायक जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएँ गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएँ, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।