Rewari News(आज समाज नेटवर्क) रेवाड़ी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाईवे (हरियाणा) हरदीप सिंह दून के आदेशानुसार व पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देश पर गत 15 दिसम्बर से 21 दिसम्बर तक जिला पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव, वाहन में तेज डीजे-प्रेशर हॉर्न बजाने, लेन चेंज नियमों की अवहेलना करने व बुलेट पटाखा छोड़ कर हवाबाजी करने वालों के खिलाफ स्पेशल अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1365 वाहन चालकों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस ने इस सप्ताह के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 32 वाहन चालकों के चालान किए है। शराब पीकर गाड़ी चलाना सडक़ दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता है और यह मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत दंडनीय अपराध है।उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के दौरान गाड़ी में तेज़ डीजे-प्रेशर हॉर्न बजाकर ध्वनि प्रदूषण करने वाले व बुलेट पटाखा छोडक़र हवाबाजी करने वाले 10 वाहन चालकों पर शिकंजा कसा है।
उन्होंने चेताया कि अभी केवल चालान किए जा रहे है संभल जाएं अन्यथा इस अपराध के लिए मुकदमा का भी प्रावधान है। इसके साथ ही पुलिस ने इस सप्ताह में लाल व नीली बत्ती लगाने पर 1 व लेन चेंज से सम्बंधित नियम की अवहेलना पर 1322 वाहन चालकों के चालान किए गए।पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि पुलिस आमजन को विश्वास दिलाती है कि शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े:-Rewari News : अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारा किए जाने के दिए निर्देश


