बच्चों को मैंगो शेक में नींद की गोलियां देकर ब्रेक वायर से घोंटा बच्चों का गला
Bhiwani News (आज समाज) भिवानी: हरियाणा के भिवानी के गांव धनाना में गत दिवस एक बाप द्वारा अपने बेटे और बेटी की हत्या करने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, आरोपी बच्चों का पिता पिछले करीब एक महीने से बच्चों की हत्या करने की योजना बना रहा था। गत 8 गई को उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। तभी से आरोपी बच्चों को मारने का प्लान तैयार करना शुरू कर दिया था। बच्चों को मारने के लिए उसने पत्नी की मौत वाली तारीख को चुना। 8 जून को उसने सुबह दोनों बच्चों को मैंगो शेक में नींद की गोलियां दीं।

बच्चे तुरंत बेसुध नहीं हुए। इसके बाद वह साइकिल उठाकर पंचर की दुकान पर चला गया। वहां से लौटते वक्त वह ब्रेक की तार उठा लाया। घर आया तो बेटी आरुषि सो चुकी थी, जबकि बेटा बसंत जागता मिला। इस पर उसने बेटे को सोने के लिए कहा। पिता के कहने पर बेटा भी सो गया। इसके बाद सुभाष ने ब्रेक वाले तार से पहले उनके गले घोंट दिए। तार खुल न जाए या दोनों बच्चे जिंदा न बच जाएं, इसके लिए चाबी और पाना तार में कस कर बांध दिया।

खुद भी खाया जहर, पीजीआई में चल रहा इलाज

बच्चों को मारने के बाद आरोपी ने फिर खुद भी जहर की गोलियां खा लीं। सुभाष की हालत भी गंभीर है। उसका रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। वह इस पूरी वारदात के लिए अपनी मां मेवा देवी और पिता आजाद सिंह को ही जिम्मेदार बता रहा है। हालांकि, मेवा देवी ने पोते-पोती की हत्या करने को लेकर सुभाष के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि बेटे की धमकी से डरकर वे रिश्तेदारों के रहने लगे थे।

पत्नी की मौत के बाद बच्चों से रखने लगा रंजिश

आरोपी सुभाष की मां मेवा देवी ने पुलिस चौकी मुंढाल में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उसके 2 बच्चे हैं, बड़ा लड़का सुभाष और छोटी लड़की सुमन है। दोनों शादीशुदा हैं। बेटे सुभाष के 2 बच्चे थे, जिनमें 17 वर्षीय बसंत और 16 वर्षीय आरुषि थी। दोनों भाई-बहन बडे़सरा गांव के प्राइवेट स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। करीब 1 महीने पहले उसकी पुत्रवधु सरोज की मौत हो गई थी।

इसके बाद से ही सुभाष अपने दोनों बच्चों के साथ-साथ हम दोनों (माता-पिता) से भी रंजिश रखने लगा।वह बार-बार कहता था कि तुम सबको मारकर मरूंगा। बेटे की इसी धमकी के कारण हम दोनों पति-पत्नी अपनी रिश्तेदारी में जाकर रहने लगे थे। दोनों बच्चे सुभाष के पास ही रह रहे थे, क्योंकि उन्हें स्कूल जाना होता था।

आस-पड़ोस के लोगों ने दी हत्या की सूचना

मेवा देवी ने बताया कि 8 जून 2025 (रविवार) की सुबह पता चला की सुभाष ने पोते बसंत और पोती आरुषि की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है। यह सूचना मिलते ही वह अपने पति आजाद के साथ गांव धनाना में घर पहुंची। यहां देखा कि उसका पोता और पोती अलग-अलग चारपाई पर मृत हालत में पडे हैं। दोनों बच्चों के गले में तार से गला दबाने के निशान हैं। मैंने आस-पड़ोस से पता किया तो बताया गया कि सुभाष ने दोनों की हत्या की है।

मानसिक रूप से परेशान रहता था सुभाष

गांव निमड़ीवाली के रहने वाले जसवंत ने बताया कि वह सुभाष की पत्नी सरोज की बुआ का लड़का है। सरोज की करीब एक माह पहले मौत हो गई थी। सरोज की मौत भी घरेलू कलह के कारण ही हुई थी। घर पर कुछ झगड़ा हो गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ था। सरोज की मौत के कारण ही सुभाष मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसलिए सुभाष ने बिना बताए अपने बच्चों की हत्या को अंजाम दिया।

मां की शिकायत पर केस दर्ज

चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी सुभाष पुलिस हिरासत में है। फिलहाल, डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं। उसके टेस्ट कराए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि उसने कौन सा जहर खाया था। चौकी इंचार्ज ने आगे बताया कि इस मामले में आरोपी सुभाष की मां मेवा देवी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।

यह भी पढ़े : हरियाणा में आज से हीट वेव का ओरेंज अलर्ट

यह भी पढ़े : हिसार से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा आज से होगी शुरू