दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गत दिवस तमिलनाडु से पकड़े थे आठ संदिग्ध आतंकी
Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : गत दिवस दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु में एक बांग्लादेशी नागरिक समेत आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की थी। अब दिल्ली पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में जो खुलासे सामने आए हैं वह सनसनीखेज हैं। जानकारी में जो खुलासे हुए हैं उनके अनुसार इन लोगों ने दिल्ली, मुंबई, अयोध्या समेत देश के कई भीड़ और धार्मिक स्थानों की रेकी कर ली थी। इससे संबंधित वीडियो भी आरोपियों के मोबाइल से बरामद हुए हैं। फिलहाल यह लोग हथियारों के इंतजाम में लगे हुए थे।
बांग्लादेश में बैठा शब्बीर कर रहा था आॅपरेट
संदिग्ध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के कहने पर तमिलनाडु में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। सूत्रों के अनुसार ये लोग पाकिस्तान के संगठनों के सपोर्ट में सोशल मीडिया पर कंटेंट पोस्ट कर रहे थे। पकड़े गए कथित आतंकियों ने पुलिस की जांच में कई चौकाने वाले खुलासे किए हैं। आतंकियों ने खुलासा किया है कि बांग्लादेश में बैठा शब्बीर अहमद लोन उर्फ राजा व विदेश में बैठा सैद-उल-इस्लाम इनकी मदद कर रहे थे। स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर इनकी रिमांड मांगी जा रही है। पुलिस कस्टडी में लेकर इनसे बाकी राज खुलवाने का प्रयास किया जाएगा।
2007 में एके-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ किया था गिरफ्तार
कुशवाहा ने बताया कि मूलरूप से कंगन, श्रीनगर, जम्मू एवं कश्मीर का रहने वाला लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद लोन को सेल की टीम ने वर्ष 2007 में दिल्ली से एके-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। दरअसल उस समय शब्बीर फिदायीन हमले में देश के किसी बड़े नेता को मारने की फिराक में था। मामले में उसको सजा भी हो गई। वर्ष 2018-19 में वह अपनी सजा पूरी करने के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल से निकला।
इसके बाद वह सैद-उल-इस्लाम की मदद से बांग्लादेश भाग गया। वहां पहुंचने के बाद इसने लश्कर के कमांडरों से दोबारा संपर्क किया और बांग्लादेश में दोबारा अपना सेटअप खड़ा कर लिया। वह बांग्लादेश से लड़के भारत भेज रहा था। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि शब्बीर बांग्लादेश के रास्ते कई बार पाकिस्तान गया और वहां लश्कर के आतंकी कैंप में ट्रेनिंग लेकर आया।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : मैदानी राज्यों में चढ़ने लगा पारा


