आज समाज, नई दिल्ली: Vivek Lagoo Passed Away: बॉलीवुड इंडस्ट्री एक बार फिर दुखद भरी खबर आ रही है। दिवंगत अदाकारा रीमा लागू के पूर्व पति और अनुभवी मराठी कलाकार विवेक लागू का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार को अपनी अंतिम सांस ली। इस खबर ने मनोरंजन जगत में उदासी की लहर दौड़ा दी है। उनके निधन की जानकारी सबसे पहले फिल्म पत्रकार विकी लालवानी ने सोशल मीडिया के जरिए दी।
इन फिल्मों में किया था अभिनय
रीमा लागू के जैसे विवेक लागू भी कला के संसार में गहराई से रचे-बसे थे। वे मराठी फिल्म इंडस्ट्री, टीवी शोज और थिएटर की जानी-पहचानी शख्सियत थे। उन्होंने What About Sawarkar?, Kaay Kele, और Ugly जैसी फिल्मों में अभिनय किया था।
साथ ही साथ, वह एक कुशल थिएटर डायरेक्टर भी रहे हैं, जिन्होंने मंच पर कई यादगार प्रस्तुतियां दीं। शांत स्वभाव और गंभीर अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले विवेक लागू ने पर्दे पर कभी शोर नहीं मचाया, लेकिन हर किरदार में गहराई जरूर छोड़ दी।
कब होगा अंतिम संस्कार?
विवेक लागू के निधन का कारण अब तक सामने नहीं आया है। परिवार की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि Times Now की रिपोर्ट के अनुसार, विवेक लागू का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह ओशिवारा श्मशान घाट में किया जाएगा। इस अंतिम यात्रा में मराठी थिएटर और टीवी जगत के कई कलाकारों के शामिल होने की संभावना है।
रीमा और विवेक लागू की लव स्टोरी
रीमा और विवेक लागू की मुलाकात 1976 में एक थिएटर प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी। दोनों का थिएटर के प्रति प्रेम ही उन्हें करीब लाया। इसके बाद उन्होंने 1978 में शादी कर ली। हालांकि कुछ साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया।
इंडस्ट्री को दिए थे कई यादगार क्षण
उनकी बेटी मृण्मयी लागू भी एक थिएटर डायरेक्टर और एक्टर के रूप में काम कर रही हैं और अपने माता-पिता की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। विवेक लागू उन कलाकारों में से थे, जो चकाचौंध से दूर रहकर कला के असली साधक कहलाए। उनकी परफॉर्मेंस भले ही हाईलाइट्स में कम रही हो, लेकिन उन्होंने इंडस्ट्री को कई यादगार क्षण दिए हैं। अब जब वो इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं, थिएटर की दुनिया में एक खालीपन जरूर महसूस होगा।