अंबाला में शुरू हुई बारिश, पंचकूला और यमुनानगर में भारी बरसात की चेतावनी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने प्रदेश के 3 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। अंबाला में बारिश शुरू हो चुकी है। इसके अलावा पंचकूला और यमुनानगर में भी भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी मध्यम और हल्की बारिश होने की संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मानसून की हवाएं दक्षिण की ओर चली गई थीं, जिससे हरियाणा में ज्यादातर जगहों पर कम बारिश हुई। अब ये हवाएं उत्तर की ओर बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि अब इनकी स्थिति श्रीगंगानगर (राजस्थान), भिवानी, आगरा (उत्तर प्रदेश), बांदा (उत्तर प्रदेश), कोलकाता (पश्चिम बंगाल) होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं हरियाणा की ओर आ रही हैं। इसलिए, 10 जुलाई तक हरियाणा में मौसम बदलता रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और हवा में नमी बनी रहेगी।

सिरसा रहार सबसे गर्म

अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सिरसा में दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं सबसे ज्यादा गिरावट रोहतक में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर जांचेगी एचसीएस अफसरों की कमेटी