पश्चिमी यमुना नहर पर बने पुल को पार करते समय हुआ हादसा
Yamunanagar News (आज समाज) यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में ट्रेन की चपेट में आने से 2 सगी बहनों की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों के शव नहर में जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से एक के शव को बाहर निकाल लिया है, जबकि दूसरे की अभी भी तलाश जारी है। परिजनों के अनुसार दोनों बहनें मूल रूप से यूपी के सहारनपुर के रहने वाली थीं।

इनमें से एक का पति यमुनानगर में रहकर काम करता है। रविवार की दोपहर दोनों बाजार से खरीदारी करने गई थी, लेकिन शार्टकट के चक्कर में नहर पर बने पुल से लौटने लगी। इसी दौरान ट्रेन आ गई। पुल पर रेलवे ट्रैक के अलावा कोई रास्ता नहीं था, जिसकी वजह से दोनों ट्रेन की चपेट में आ गई। एक महिला का कटा हुआ पैर ट्रैक से फंसा हुआ मिला।

मूल रूप से यूपी की रहने वाली थी दोनों बहनें, बाजार से खरीदारी करके लौट रही थी

सूचना पर पहुंचे कृष्ण कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव भायला कलां के रहने वाले हैं और यमुना नगर में आरा मशीन पर काम करता हैं। वर्तमान में वह यमुना नगर में तीर्थनगर की टपरिया में अपनी 26 वर्षीय पत्नी कविता और साली रादौर निवासी 25 वर्षीय गीता के साथ रहता है। उसका ढाई वर्ष का बेटा और एक वर्ष की बेटी है। रविवार की दोपहर उसकी पत्नी और साली बाजार में खरीदारी करने गई थी।

जल्दी घर पहुंचने के चक्कर में लिया शार्टकट

कृष्ण कुमार ने आगे बताया कि दोपहर लगभग 2 बजे दोनों बाजार से लौट रही थी। मगर, दोनों ने मेन रोड न चुनकर, पश्चिमी यमुना नहर पर बने रेलवे पुल से लौट रही थी। यह पुल केवल ट्रेन चलने के लायक ही बना है यानी इसमें उतना ही रास्ता है कि ट्रेन गुजर सके। घर जल्द पहुंचने के चक्कर में दोनों इसी पुल से लौट रही थीं।

नहर में गिरे शव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों महिलाएं तेजी से रेलवे पुल से घर की तरफ जा रही थी। मगर, इसी दौरान ट्रेन आ गई। दोनों महिलाओं ने ट्रेन से बचने की कोशिश की। मगर, आवागमन का कोई रास्ता नहीं होने की वजह से दोनों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। ट्रेन से टकराने के बाद दोनों के शव नहर में जा गिरे।

एक का शव बरामद

पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से कविता के शव को बाहर निकाला, जबकि गीता का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोर राजीव कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने जब शव को निकाला तो उसके पैर का हिस्सा नहीं था। इस महिला का पैर कटकर ट्रेन की पटरियों के बीच फंस गया था। बाद में हिस्सा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हमीदा पुलिस चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल स्थित शव गृह में रखवा दिया गया। बताया कि महिलाओं के नहर में डूबने की जानकारी मिली थी।

बाद में पता चला कि ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ। एक महिला का शव मिल गया है, दूसरे की तलाश जारी है। जीआरपी को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।