साध्वियों से रेप और हत्या के केस में 20 साल जेल की सजा काट रहा है राम रहीम
Gurmeet Ram Rahim Parole (आज समाज) रोहतक: साध्वियों से रेप और हत्या के केस में 20 साल की सजा काट रहा राम रहीम 14वीं बार पैरोल पर जेल से बाहर आया है। राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली है। मंगलवार सुबह 6 बजे राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा के लिए रवाना हुआ।

बता दें कि राम रहीम साध्वियों से रेप और हत्या के केस में 20 साल जेल की सजा काट रहा है। वह इससे पहले 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर बाहर आया था, और सिरसा डेरे में ही रहा था।

15 अगस्त को है जन्मदिन

सूत्रों के अनुसार, इस बार डेर प्रमुख अपना जन्मदिन बनाने के लिए बाहर आया है। राम रहीम का 15 अगस्त को 58वां जन्मदिन है। हालांकि, उसे सिरसा डेरे में भीड़ जमा करने की इजाजत नहीं है। फिर भी वह वर्चुअली अपने अनुयाइयों को संबोधित कर सकता है।

गुरमीत राम रहीम के जन्मदिन पर लाखों की तादाद में पौधरोपण किया जाता है, जिसके चलते राम रहीम ने पैरोल के लिए अप्लाई किया था। उसकी 40 दिन की पैरोल इस साल की बची हुई थी।

एक केस में बरी हो चुका राम रहीम

25 अगस्त 2017 को 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में राम रहीम को 20 साल कैद हुई। इसके बाद 17 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्र कैद हुई।

वहीं, डेरा मैनेजर रणजीत सिंह के हत्या मामले में अक्टूबर 2021 में सीबीआई कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई। सजा मिलने के 3 साल बाद राम रहीम को इस मामले में हाईकोर्ट ने बरी कर दिया।