मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में जारी किया बारिश का अलर्ट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद और सोनीपत आज सुबह से बारिश हो रही है। अंबाला, करनाल और कुरुक्षेत्र में भी बादल छाए हुए है। ाौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिन तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने आज यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में तेज बारिश की संभावना जताई है।

वहीं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। सोमवार को सबसे गर्म सिरसा रहा। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक जून महीने में सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

हरियाणा में 5 जुलाई तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, दिल्ली, फतेहगढ़, सीधी, जमशेदपुर से होती हुई बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ आने और राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने से अरब सागर की तरफ से नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते हरियाणा में 5 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है।