Haryana Weather Update : हरियाणा में बारिश के साथ ओलावृष्टि

0
393
Haryana Weather Update : हरियाणा में बारिश के साथ ओलावृष्टि
Haryana Weather Update : हरियाणा में बारिश के साथ ओलावृष्टि

प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का दौर शुरू, आज देर शाम तक पूरे प्रदेश में बारिश के आसार, ओलावृष्टि से हो सकता है फसलों को नुकसान

Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तर भारत में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। आज भी इसी मौसमी प्रक्रिया के चलते हरियाणा में एक बार फिर से बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने पहले ही प्रदेश में बारिश की संभावना व्यक्त की थी। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आज शाम तक लगभग पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

इन जिलों में पड़ रही बारिश और ओलावृष्टि

प्रदेश के 18 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है। नारनौल, हिसार, रोहतक, भिवानी और फतेहाबाद में बारिश के साथ ओले गिरे है, जबकि झज्जर, रेवाड़ी और गुरुग्राम में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में आज बारिश ज्यादा असर दिखा सकती है, जबकि पश्चिमी जिलों में ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

सामान्य से कम दर्ज किया गया तापमान

वहीं, तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान औसतन सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। अधिकतम तापमान में जरूर हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से नीचे चल रहा है। मौसम विभाग ने हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सिरसा में कोल्ड वेव (शीतलहर) को लेकर चेतावनी जारी की है। सुबह से ही इन इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। इन जिलों में रात और सुबह के समय ठंड ज्यादा असर दिखा सकती है। साथ ही, जिन इलाकों में बारिश की संभावना है वहां तेज हवाओं और गरज-चमक का भी असर देखा जा सकता है।