मौसम विभाग ने जताई 31 मई तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने हरियाणा में आज और कल बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल व यमुनानगर में बरसात की संभावना जताई है।

इसके अलावा 30 मई को अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात में बरसात का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं 1 जून को भी प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इधर, प्रदेश में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

उत्तर-पूर्वी हवाएं चलेंगी

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 31 मई तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना के कारण बीच-बीच में हल्के बादल छाने की संभावना है।

बुधवार रात को यमुनानगर में हुई बारिश

वहीं बुधवार रात को यमुनानगर में करीब साढ़े 8 बजे से 9 बजे तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जबकि, अंबाला में हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने रात 10:35 बजे तक पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया था।