17 जिलों में होगी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम विभाग की ओर से आज फिर बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 17 जिलों में बारिश होगी। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। जिन जिलों में आज बारिश होंगी उनमें जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद शामिल है। इसके अलावा कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में मौसम विभाग की ओर से मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में भी हल्की से मध्यम गति से बारिश होने की संभावना है, जबकि फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखीदादरी में बूंदाबांदी हो सकती है। बता दें कि एक दिन पहले सोमवार को भी हरियाणा के अधिकतर जिलों में मौसम खराब रहा। फतेहाबाद, चरखी दादरी, सिरसा, रोहतक, हिसार, अंबाला, पंचकूला, कैथल, महेंद्रगढ़, झज्जर, सोनीपत, भिवानी, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, पानीपत, गुरुग्राम और यमुनानगर में बारिश हुई।

तापमान में आई गिरावट, ठंड का हुआ एहसास

बारिश के कारण हिसार में तापमान 12 डिग्री तक गिर गया है। यहां अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब 12 डिग्री कम है। अचानक तापमान कम होने से लोगों को ठंड का एहसास हुआ।

पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हो रही बारिश

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव, बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने और राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने से नमी वाली हवाएं उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों की तरफ आने की संभावना है।

कल से बढ़ेगी ठंड

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से राज्य में 7 अक्टूबर तक ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद हवा की दिशा बदलकर उत्तर पश्चिमी हो जाएगी। इसके कारण 8 अक्टूबर से एक बार फिर ठंड बढ़ेगी।