मौसम विभाग ने 9 में आॅरेंज और 6 जिलों में यलो अलर्ट किया जारी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश को लेकर मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 9 जिलों में आॅरेंज और 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में भी बूंदाबंदी व बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है।

जिन जिलों में आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उनमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि पंचकूला, अंबाला, जींद, रोहतक, चरखी दादरी और रेवाड़ी में यलो अलर्ट है।

यमुनानगर में सबसे अधिक बारिश हुई

इनमें से यमुनानगर में सुबह से बूंदाबांदी जारी है। यहां बीती रात तेज बारिश हुई है। अब तक इस मानसून सीजन में यमुनानगर जिले में सबसे अधिक और कैथल में सबसे कम बारिश हुई है।

आईएमडी के मुताबिक प्रदेश में अब तक सामान्य से 22 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 4 अगस्त तक औसतन 227.5 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन प्रदेश में 277.3 एमएम बारिश हो चुकी है।