तीन जिलों में सुबह के समय हुई हल्की बूंदाबांदी, 14 मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम
Haryana Weather News (आज समाज), चंडीगढ़ : पहाड़ों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते सुबह से ही हरियाणा के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अल सुबह करीब चार बजे जहां कुछ जिलों में तेज हवाओं का दौर चला वहीं प्रदेश में तीन जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम में कल के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आज से आने वाले तीन दिन प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। हालांकि 14 मई को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम होने के बाद गर्मी में एकदम से इजाफा होगा और तापमान 40 डिग्री के पार जाएगा। अनुमान जताया गया है कि 20 मई के आसपास प्रदेश में लू का प्रकोप शुरू हो सकता है।
इन तीन जिलों में हुई हल्की बारिश
हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली है। 3 जिलों में सुबह-सुबह बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। हिसार, भिवानी और सिरसा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं, हिसार के आर्यनगर में तो ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने की भी सूचना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 11 मई से 14 मई तक पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद मौसम के फिर से शुष्क होने के आसार हैं।
रविवार को फरीदाबाद का बोपानी रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद के बोपानी में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भिवानी में 42 डिग्री और सिरसा में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में 11 मई को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।


