सभी नेताओं से संगठन को लेकर राय ले रहे राहुल गांधी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: चंडीगढ़ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के सीनियर नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगभग 8 महीने पहले हुई पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी पहली दफा प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। राहुल गांधी की कांग्रेस नेताओं के साथ मीटिंग को एक घंटा हो गया है। वह सभी नेताओं से संगठन को लेकर राय ले रहे हैं।

मीटिंग में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला समेत 17 सीनियर नेता मौजूद हैं। वह राज्य में पार्टी का संगठन खड़ा करने के लिए हाईकमान की ओर से नियुक्त 22 जिला आॅब्जर्वरों के साथ मीटिंग कर उनका फीडबैक लेंगे। इससे पहले राहुल गांधी को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष एवं लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने रिसीव किया।

11 साल से हरियाणा में संगठन नहीं बना पाई कांग्रेस

बता दें कि कांग्रेस 11 साल से राज्य में अपना संगठन खड़ा नहीं कर पाई है। इसकी बड़ी वजह कांग्रेस के सीनियर नेताओं के बीच गुटबाजी रही। इस वजह से पार्टी को हरियाणा में 2024 के विधानसभा चुनाव में भी हार झेलनी पड़ी। अब राहुल गांधी इस दौरे से सीनियर नेताओं की गुटबाजी खत्म करवाकर संगठन बनाने पर फोकस करने के लिए राजी कर सकते हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में हुई नोकझोंक

उधर, राहुल गांधी के पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यालय के पास खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोकझोंक हो गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिसवालों ने उन्हें धक्का मारा है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज मौसम रहेगा साफ, जून के अंत में पहुंचेंगा मानसून