प्रदेश में कांग्रेस के संगठन निर्माण को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ करेंगे बैठक
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में कांग्रेस नए सिरे से अपने संगठन का विस्तार करेंगी। संगठन निर्माण को लेकर ही आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज हरियाणा आएंगे। राहुल गांधी संगठन निर्माण को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगे। ताकि किसी प्रकार की कोई गुटबाजी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के बीच न रहे। वह चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस की सीनियर लीडरशिप से मिलकर गुटबाजी खत्म करने और संगठन को मजबूत करने का रोडमैप देंगे।
राहुल के इस दौरे के करीब एक महीने बाद हरियाणा कांग्रेस में जिलाध्यक्षों की नई नियुक्तियां होने की संभावना है। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में 22 पर्यवेक्षक पहले ही तैनात किए जा चुके हैं। राहुल गांधी आज इन्हीं पर्यवेक्षकों से मीटिंग कर फीडबैक लेंगे। राहुल गांधी सुबह साढ़े 11 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उन्हें रिसीव करने के लिए कांग्रेस प्रभारी बीके हरि सिंह, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला पहुचेंगे।
12 बजे चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यालय में होगी बैठक
इसके बाद राहुल चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यालय जाएंगे। यहां 12 बजे के बाद वह कांग्रेस के संगठन से जुड़े 17 सीनियर नेताओं के साथ बैठक करेंगे। राहुल गांधी बैठक में कांग्रेस नेताओं को गुटबाजी खत्म कर हरियाणा में एक होकर लड़ने का मंत्र देंगे। लंच के बाद वह हरियाणा में लगाए गए कांग्रेस के 22 पर्यवेक्षकों के साथ बैठक करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
जिलाध्यक्ष बनने के लिए 35 से 55 वर्ष होनी चाहिए उम्र
कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के लिए मापदंड तय किए गए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने के लिए उम्र 35 से 55 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा 5 साल लगातार संगठन में काम करने का अनुभव भी होना चाहिए। साफ छवि और किसी भी तरह की गुटबाजी से दूर रहने वालों को ही पर्यवेक्षक तरजीह देंगे। जहां एक से ज्यादा वर्कर जिलाध्यक्ष की दौड़ में होंगे, वहां आपसी चर्चा कर पैनल तैयार करवा वोटिंग के जरिए चुनाव करवाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज मौसम रहेगा साफ, जून के अंत में पहुंचेंगा मानसून