शिक्षा क्षेत्र में सरकार की पहलकदमियों के आ रहे हैं सकारात्मक नतीजे: बैंस

Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा मानक शिक्षा प्रदान करने की वचनबद्धता के अंतर्गत किये जा रहे यत्नों स्वरूप पंजाब ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे ( एनए एस) 2024 में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्वाेच्च स्थान हासिल किया है।

एनएएस विद्यार्थियों की शैक्षिक प्राप्तियों का मूल्यांकन करने के लिए भारत का सबसे भरोसेमन्द और प्रतिष्ठित सर्वेक्षण है। इसमें समूचे शिक्षा नतीजों का मूल्यांकन करने के लिए तीसरी, छटी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों का चयन किया जाता है।

इस तरह रहा पंजाब का प्रदर्शन

एनएएस में पंजाब की प्रभावशाली रैंकिंग पर खुशी प्रकटाते हुए हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि पंजाब ने तीसरी कक्षा की रैंकिंग में 80 अंकों के साथ हिमाचल प्रदेश (74) और केरला ( 73) को पछाड़ कर पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने आगे बताया कि छटी कक्षा के लिए पंजाब और केरला 67- 67 अंकों के साथ सांझे तौर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले राज्य रहे हैं। इसके साथ ही 9वीं कक्षा की रैंकिंग में पंजाब ने 57 अंकों के साथ अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पछाड़ कर पहला स्थान हासिल किया।

देशभर से हजारों छात्रों ने लिया हिस्सा

एनसीईआरटी द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग के साथ दिसंबर 2024 में यह देश व्यापक सर्वेक्षण कराया गया जिससे सीखने के नतीजों का मूल्यांकन करने और आगामी सुधार वाले क्षेत्रों की पहचान की जा सके, जिसमें देश भर से हजारों की संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

बैंस ने कहा कि एनएएस 2024 में पंजाब का शानदार प्रदर्शन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के मानक शिक्षा को यकीनी बनाने और विद्यार्थियों के सीखने के नतीजों को बेहतर बनाने के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार इस सफलता को जारी रखेगी और विद्यार्थियों को सबसे बढ़िया शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा प्रणाली के मानकों को और ऊंचा उठाने के लिए प्रयत्न जारी रखेगी।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : केंद्रीय मंत्री के सामने उठाया रावी दरिया बाढ़ का मुद्दा