बाढ़ पीड़ितों से मिलते समय भावुक हुए सीएम, छलके आंखों से आंसू

Punjab CM Breaking News  (आज समाज), चंडीगढ़ : बाढ़ से पंजाब बेहाल है। इसके 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और आपदा प्रभावित घोषित किया जा चुका है। कई जगह पर बाढ़ के पानी का स्तर 15 फीट तक पहुंच चुका है और सभी तरह के बचाव कार्य नाकाफी नजर आ रहे हैं। इसी बीच पंजाब के सीएम और उनके अन्य मंत्री और विधायक अपने-अपने हलके में फील्ड में उतरकर लोगों की मदद कर रहे हैं।

इसी बीच हुसैनीवाला बॉर्डर बाढ़ पीड़ित लोगों का हाल जानने मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद पहुंचे। मुख्यमंत्री मान बाढ़ पीड़ितों से मिलने के लिए हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे गांवों का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा पंजाब संकट में है और बहुत खराब स्थिति है। इस दौरान सीएम मान भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को हर मदद करने का आश्वासन दिया।

कुदरत ने सभी को बेबस कर दिया

यहां पर बुजुर्ग महिलाओं व अन्य लोगों की समस्या सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए। मुख्यमंत्री ने कहा पंजाब संकट में है और बहुत खराब स्थिति है। कुदरत के आगे किसी का जोर नहीं चलता है। केंद्र सरकार के पास हमारे हक का 50 हजार करोड़ जीएसटी का फंड पड़ा है। यदि वह फंड हमें मिल जाए तो पंजाब के लोगों की मदद की जा सकती है।

पानी उतरने के बाद ही होगा नुकसान का आंकलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें टेलीफोन कर पंजाब की स्थिति का हाल-चाल पूछा है। पानी घटने के बाद पंजाब में कितना नुकसान हुआ है उसके बाद ही वह प्रधानमंत्री को स्थिति और नुकसान संबंधी बताएंगे। यदि केंद्र से उन्हें कुछ मदद मिलती है तो ठीक है नहीं तो हम तो कुछ ना कुछ पंजाब के लिए करेंगे। पानी का संकट टलने के बाद सतलुज दरिया के आसपास बने बांध को वहां के स्थानीय लोगों से पूछ कर मजबूत किया जाएगा।

क्योंकि वहां के लोगों को स्थिति का ज्यादा अंदाजा है। सीएम मान ने कहा कि मैं आज फिरोजपुर में बाढ़ पीड़ितों से उनकी समस्या सुनने और मिलने आया हूं। उनकी टीम बाढ़ पीड़ितों की हर प्रकार की मदद करने में जुटी हुई है। इस समय सभी को बाढ़ पीड़ितों की मदद करनी चाहिए मान ने कहा कि हम पूरे देश को अनाज देते हैं और आज पंजाब की हालत बहुत खराब हैं।