Chandigarh Breaking News : पंजाब सरकार का कर्मचारी विरोधी चेहरा सामने आया : जाखड़

0
112
Chandigarh Breaking News : पंजाब सरकार का कर्मचारी विरोधी चेहरा सामने आया : जाखड़
Chandigarh Breaking News : पंजाब सरकार का कर्मचारी विरोधी चेहरा सामने आया : जाखड़

कहा, पंजाब सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स को तुरंत डीए जारी करे

Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक बार फिर से प्रदेश सीएम और प्रदेश सरकार पर कर्मचारी और प्रदेश विरोधी होने का आरोप लगाया है। जाखड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियां ला रही है और मान प्रदेश की जनता को असली मुद्दों से भटका रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के 3 लाख से अधिक कर्मचारी और 4 लाख पेंशनर डीए की किश्तों और बकाया राशि का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने सरकार को 30 जून तक कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए की किश्तों और बकाया के रूप में 15 हजार करोड़ रुपये जारी करने के आदेश दिए थे, लेकिन सरकार फिर से कोर्ट चली गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का कर्मचारी विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है, क्योंकि आजादी के बाद पहली बार कोई आप सरकार न सिर्फ डीए की किश्तें देने से इनकार कर रही है, बल्कि अपनी अपील में डीए देने की व्यवस्था को ही चुनौती दे रही है।

सरकार ने डीए को लेकर यह कहा

भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने कथित तौर पर कहा है कि सरकार डीए बढ़ाने के लिए बाध्य नहीं है। सुनील जाखड़ ने कहा कि डीए कर्मचारियों के लिए कोई भीख नहीं, बल्कि उनका अधिकार है और सरकार को बिना देरी किए डीए जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में 60 प्रतिशत डीए दिया जा रहा है, जबकि पंजाब के कर्मचारियों को केवल 42 प्रतिशत डीए मिल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में लोगों ने भाजपा को इसलिए जिताया क्योंकि वहां कानून व्यवस्था खराब हो चुकी थी और कर्मचारियों को डीए भी नहीं मिल रहा था। उनके अनुसार अब पंजाब में भी ऐसे ही हालात बन चुके हैं। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि भाजपा हालात सुधारेगी, डीए सुनिश्चित करेगी और कर्मचारियों के सभी हितों की रक्षा करेगी।

भाजपा किसी धमकी से डरने वाली नहीं

उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी धमकी से डरने वाली नहीं है और पंजाब के लोगों की सुरक्षा ही पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी समझती तो उसकी कुछ साख बच सकती थी, लेकिन वह तो आम आदमी पार्टी के आगे सरेंडर कर चुकी है।सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है और सिर्फ भाजपा ही लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर हर काम समयबद्ध होगा। भाजपा के शासन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे नक्सलवाद पर काबू पाया गया, उसी तरह पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशे को भी खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गायक सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा वापस लेकर उसका प्रचार किया और इस तरह उसकी हत्या के लिए जिम्मेदार बने, वही आज दिलजीत दोसांझ की बातें कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : नीट पेपर लीक से लाखों युवाओं के सपने टूटे : सीएम