देश के पांच प्रमुख सुधार क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन के लिए भारत सरकार ने किया पुरस्कृत
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सरकार की मौजूदा उद्योग नीतियों से प्रभावित होकर न केवल बड़े उद्योगपति पंजाब में निवेश करने के लिए आतुर हैं बल्कि केंद्र सरकार भी इन नीतियों से संतुष्ट है। यही कारण है कि भारत सरकार ने व्यापार सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) 2024 के अंतर्गत पंजाब को टॉप अचीवर पुरस्कार से सम्मानित किया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान पंजाब सरकार को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
इन क्षेत्रों में पंजाब ने किया सराहनीय कार्य
उल्लेखनीय है कि पंजाब ने भारत के पांच प्रमुख सुधार क्षेत्रों व्यवसाय प्रारंभ, निर्माण परमिट प्राप्तकर्ता, निवेश आकर्षण, क्षेत्र-विशेष स्वास्थ्य सेवाएं और सेवा प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी ) ने पंजाब को टॉप अचीवर घोषित करते हुए उसकी पारदर्शी, कुशल और निवेशक-हितैषी व्यावसायिक नीतियों की सराहना की है। यह सम्मान राज्य में व्यवसाय करने में सुगमता के क्षेत्र में पंजाब की अग्रणी भूमिका की पुष्टि करता है।
औद्योगिक विकास की ऊंचाइयों को छू रहा प्रदेश
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता के चलते पंजाब निरंतर औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पारदर्शी शासन, उद्योग-हितैषी नीतियां और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण राज्य में लगातार निवेश आ रहा है। पंजाब के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल ने औद्योगिक निवेश को बड़ी गति दी है। मार्च 2022 में मान सरकार के सत्ता में आने के बाद से अब तक राज्य को 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 4.7 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, आॅटो कंपोनेंट्स, हैंड टूल्स, साइकिल, आईटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति के कारण पंजाब आज अन्य राज्यों के लिए एक रोल मॉडल बन चुका है।
विदेशी कंपनियां भी पंजाब में आ रहीं
राज्य सरकार की उद्योग-समर्थक नीतियों के परिणामस्वरूप पंजाब अब जापान, अमेरिका, जर्मनी, यूके, यूएई, स्विट्जरलैंड, फ्रांस और स्पेन जैसे विकसित देशों से भी निवेश आकर्षित कर रहा है।
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : तरनतारन में वोटिंग शांतिपूर्ण संपन्न, 14 को आएंगे परिणाम