Punjab Blasts, (आज समाज), नई दिल्ली:पंजाब में हाल ही में हुए धमाकों वाली जगहों से फोरेंसिक सबूत जुटाने और जानकारी इकट्ठा करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज सुबह जांच शुरू की। सूत्रों ने बताया कि यह टीम धमाके की जांच में राज्य के अधिकारियों की मदद करेगी। घटनाओं के समय पर संदेह जताते हुए कांग्रेस नेता राज कुमार ने कहा, यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि राज्य में चुनाव होने वाले हैं। यह इलाका केंद्र सरकार के अधीन आता है। न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार यहां की स्थिति को नियंत्रित कर पा रही है।
धमाकों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता : बाजवा
राज कुमार ने कहा, लगता है कि पंजाब में चुनावों में धांधली करने की कोई साजिश रची जा रही है। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा ने कहा, एक ही दिन में एक के बाद एक हुए धमाकों को महज एक संयोग कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पहले जालंधर और फिर अमृतसर। पंजाब सरकार को इन घटनाओं के पीछे के लोगों की पहचान करने और उन्हें सजा दिलाने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे समय में जब कई तरह की साजिशों की बातें चल रही हैं और आम जनता में डर फैल रहा है, प्रशासन चुप या लापरवाह नहीं रह सकता।
गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा पंजाब
पंजाब पहले से ही युवाओं में बेरोजगारी और अवसरों की कमी जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। शांति और स्थिरता को भंग करने का कोई भी प्रयास हमारे लोगों के बीच अनिश्चितता की भावना को और गहरा ही करेगा। पंजाब अस्थिरता के एक और दौर को बर्दाश्त नहीं कर सकता। कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता का विश्वास बहाल करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
हम निगरानी के लिए सड़क बंद कर देंगे : पुलिस
अमृतसर में मंगलवार को छावनी क्षेत्र के पास खासा में अचानक धमाका हुआ था और इसकी प्रकृति की जांच करने के लिए अमृतसर पुलिस ने कुछ इलाकों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। सहायक उप-निरीक्षक करम सिंह ने बताया कि निगरानी के लिए सड़कें फिलहाल बंद कर दी गई हैं। उन्होंने कहा, मुझे पता चला है कि यहां एक धमाका हुआ है। हम निगरानी के लिए सड़क बंद कर देंगे।
ब्लास्ट बेहद चिंताजनक
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पर एक पोस्ट में लिखा, लगातार हुए धमाकों ने पंजाब को हिलाकर रख दिया है। मंगलवार को पहले जालंधर और फिर अमृतसर में खासा कैंप के पास ब्लास्ट हुआ। यह बेहद चिंताजनक है। मंगलवार को, अमृतसर में कैंटोनमेंट इलाके के पास खासा में रात करीब 10:50 बजे एक धमाका हुआ, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
ये भी पढ़ें : Jalandhar IED Blast : खालिस्तानी आतंकी संगठन ने ली धमाके की जिम्मेदारी


