- बिहार के दरभंगा जिला निवासी थे दो पीड़ित
- कार ने मारी टक्करसभी की मौके पर ही मौत
Road Accident In Hoshiarpur, (आज समाज), चंडीगढ़: पंजाब के होशियारपुर (Hoshiarpur) में मुकेरियां नेशनल हाईवे (Mukerian National Highway) पर एक दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार आधी रात के बाद एक कार के स्कूटी को टक्कर मारने के कारण हुआ। टक्कर के कारण स्कूटी सवार चार युवकों की मौत हो गई है। वेन्यू कार ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मारी।
वेन्यू कार चालक के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद मुकेरियां पुलिस (Mukerian Police) मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार वेन्यू कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
पैलेस में वेटर का काम करते थे चारों
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे का शिकार हुए युवक एक पैलेस में वेटर का काम करते थे और वे बीती रात करीब एक बजे चारों अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। उनमें 2 प्रवासी थे। जैसे ही उनकी स्कूटी मुकेरियां चुंगी के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार वेन्यू कार ने उसे टक्कर मार दी।
कार से टक्कर लगते ही खड़े ट्रक से जा टकराए
सूत्रों ने बताया कि कार से टक्कर लगते ही चारों स्कूटी सवार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराए और सभी की मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि प्रवासियों की पहचान मिथुन मंडल और विविध साहू तौर पर हुई है। वहीं अन्य दो की पहचान नरिंदर कुमार व सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। मिथुन मंडल और विविध साहू बिहार के दरभंगा जिले के निवासी थे।


