Priyanka Pandit (आज समाज) नई दिल्ली: सिनेमा की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से उतनी ही बिखरी हुई और निर्मम होती है। यहां हर मुस्कुराते चेहरे के पीछे संघर्ष की कहानी होती है। ऐसी ही एक कहानी है भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री प्रियंका पंडित की, जिनकी जिंदगी एक MMS स्कैंडल ने ऐसा मोड़ दी कि वो ग्लैमर छोड़कर साध्वी बन गईं।
50 से भी ज्यादा फिल्मों में किया काम
उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली प्रियंका पंडित ने कम वक्त में भोजपुरी सिनेमा में अपनी खास जगह बना ली थी। खेसारी लाल यादव, पवन सिंह और रितेश पांडे जैसे टॉप एक्टर्स के साथ 50 से भी ज्यादा फिल्मों में काम करके उन्होंने अपने अभिनय और मासूमियत से लाखों दिल जीते। दर्शकों को उनकी सादगी और स्क्रीन प्रेजेंस बहुत भाती थी। वे इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेज़ में गिनी जाती थीं।
एक MMS ने सब कुछ कर दिया तबाह
लेकिन साल 2022 में उनकी जिंदगी में वो भूचाल आया जिसने सबकुछ बदल दिया। सोशल मीडिया पर एक अश्लील MMS वायरल हुआ और दावा किया गया कि वीडियो में नजर आने वाली महिला प्रियंका पंडित हैं। ये खबर आग की तरह फैल गई। फैंस हैरान रह गए, इंडस्ट्री ने उनसे दूरी बना ली और उनकी छवि को गहरा नुकसान पहुंचा।
प्रियंका ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि कोई उनकी शोहरत और इमेज को खराब करना चाहता था। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी – अफवाहें, ताने, आलोचनाएं और रिश्तों की दरार ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया।
फिर अपनाया आध्यात्मिक जीवन
इस दर्दनाक दौर से गुजरने के बाद प्रियंका ने वो कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। उन्होंने ग्लैमर, शोहरत और फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से नाता तोड़ लिया और आध्यात्मिक जीवन को अपनाया।
साल 2024 में वे वृंदावन पहुंचीं और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो गईं। अब वे प्रेमानंद महाराज की शिष्या बन चुकी हैं। सिर पर दुपट्टा, आंखों में शांति और चेहरे पर संतोष लिए वो अब मंदिरों में सेवा करती हैं, धार्मिक आयोजनों में भाग लेती हैं और एक साध्वी जैसी तपस्विनी जिंदगी जी रही हैं।
अब इस वायरल तस्वीर से उठे सवाल
हाल ही में प्रियंका ने एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की, जिसमें वह किसी शख्स का हाथ थामे नजर आ रही हैं। इस फोटो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। कयास लगने लगे कि उन्होंने चुपचाप शादी कर ली है। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, लेकिन ‘हरि सेवक’ नामक एक इंस्टा अकाउंट से ये संकेत जरूर मिला कि अब प्रियंका वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर चुकी हैं।