Priyanka Gandhi detained, Still wanted to go to Sonbhadra : प्रियंका गांधी हिरासत में, सोनभद्र जाने पर अड़ीं

0
393

सोनभद्र। यूपी में जमीन विवाद को लेकर नरसंहार हुआ जिसमें ग्यारह लोग मारे गए। शुक्रवार को यूपी के सोनभद्र जिले में हुए इस नरसंहार के पीड़ितों से मिलने और उनका हालचाल जानने के लिए कांग्रेस यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी पहुंची। पहले वह वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने यहां पहले बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायलों से मुलाकात की और हर संभव मदद देने का वादा भी किया। प्रियंका गांधी ने चश्मदीद गवाह रामकुमार से घटना की जानकारी ली तथा घायलों का कुशलक्षेम पूछा। हालांकि प्रियंका गांधी से मीडिया को दूर ही रखा गया था। इसके बाद सोनभद्र जाने के दौरान उन्हें वाराणसी-मिजार्पुर बार्डर पर नारायणपुर में रोक दिया गया। विरोध में कांग्रेस महासचिव सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इसके बाद प्रियंका को एसडीएम की गाड़ी में बैठाया गया। उन्हें चुनार गेस्ट हाउस ले जाने के लिए पुलिस रवाना हो गई है। बता दें कि 17 जुलाई को सोनभद्र के उभ्भा गांव में 112 बीघा खेत के लिए दस ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया गया था। लगभग चार करोड़ रुपए की कीमत की इस जमीन के लिए प्रधान और उसके पक्ष ने ग्रामीणों पर अंधाधुन फायरिंग कर दी थी। इस हादसे में 25 अन्य लोग घायल हो गए थे।
उम्भा गांव में 112 बीघा खेत जोतने के लिए गांव का प्रधान यज्ञदत्त गुर्जर 32 ट्रैक्टर लेकर पहुंचा था। इन ट्रैक्टरों पर लगभग 60 से 70 लोग सवार थे। यह लोग अपने साथ लाठी-डंडा, भाला-बल्लम और राइफल और बंदूक लेकर आए थे। गांव में पहुंचते ही इन लोगों ने ट्रैक्टरों से खेत जोतना शुरू कर दिया। जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो यज्ञदत्त और उनके लोगों ने ग्रामीणों पर लाठी-डंडा, भाला-बल्लम के साथ ही राइफल और बंदूक से भी गोलियां चलानी शुरू कर दी।
प्रियंका बैठी धरने पर
प्रियंका को जब आगे जाने नहीं दिया जा रहा था तो वह धरने पर बैठ गर्इं। उन्होंने कहा कि आखिर सरकार मुझे पीड़ित परिवार से मिलने क्यों नहीं देना चाहती है। मेरे साथ अपहरणकर्तााओं जैसा व्यवहार किया जा रहा है। मैं केवल यह जानना चाहती हूं कि किस कानूनी आधार पर यह मुझे पीड़ित परिवार से मिलने नहीं देना चाहते हैं।
चुनार गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी धरने पर बैठीं। कहा कि पूरा देश देखे कि इस प्रदेश में क्या हो रहा है। नरसंहार हो रहा है और कोई कुछ करने वाला नहीं है। पीड़ितों को इंसाफ मिलना चाहिए। प्रियंका ने कहा कि मैं इसलिए ही यहां आई हूं कि पूरा देश देखे कि इस प्रदेश में कैसे नरसंहार हो रहा है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को सोनभद्र में यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रियंका गांधी समेत करीब 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। हिरासत में लिए जाने के बाद भी प्रियंका गांधी सोनभद्र के उभ्बा गांव जानें पर अड़ीं हुई हैं। प्रियंका गांधी अभी चुनार गेस्ट हाउस में हैं और वहां पर हंगामा जारी है। प्रियंका गांधी का कहना है कि वह सोनभद्र में पीड़ित परिवारों से मिले बिना नहीं जाएंगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं धारा 144 कानून का उल्लंघन नहीं करूंगी। बता दें कि सोनभद्र में धारा 144 लागू है।

SHARE