एयरफोर्स के विशेष विमान से जाएंगे डिब्रूगढ़, मोरान बाईपास पर लैंड होगा पीएम का विमान
PM Modi Assam Visit (आज समाज), नई दिल्ली : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम जा रहे हैं। पीएम का यह दौरा देश और असम के लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे वायुसेना के विशेष विमान से असम के डिब्रूगढ़ जिले के लिए उड़ान भरेंगे। इस दौरे के दौरान पीएम असम को 5450 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान पीएम ब्रह्मपुत्र नदी पर लगभग 3,030 करोड़ से निर्मित कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे। इस 6 लेन के सेतु से गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच यात्रा समय घटकर मात्र 7 मिनट रह जाएगा।
वायुसेना के रणनीतिक नेटवर्क का होगा विस्तार
पीएम के दौरे से एक तरफ जहां असम का बुनियादी विकास तेज होगा। वहीं देश की रक्षा प्रणाली भी मजबूत होगी। दरअसल देश की सामरिक शक्ति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष विमान डिब्रूगढ़ जिले में मोरान बाईपास पर बनी आपात लैंडिंग सुविधा पर लैंड करेगा। प्रधानमंत्री मोदी की लैंडिंग के साथ ही हाइवे पर स्थित यह पट्टी वायुसेना के रणनीतिक नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी 4.2 किलोमीटर लंबी यह हवाई पट्टी पूर्वोत्तर की पहली ऐसी सुविधा है, जहां से आपात स्थितियों में वायुसेना के लड़ाकू व परिवहन विमानों का संचालन किया जा सकेगा। मोरान बाईपास पर तैयार की गई यह सुविधा दूरदराज के क्षेत्रों में मानवीय सहायता व आपदा राहत अभियानों के दौरान भी अहम साबित होगी। यह पट्टी राफेल और सुखोई जैसे 40 टन वजनी लड़ाकू विमानों और 74 टन तक भारी मालवाहक विमानों का वजन सह सकती है।
चीन सीमा के करीब है मोरान बाईपास
मोरान बाईपास पर स्थिति यह हवाई पट्टी रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह चीन सीमा के बहुत करीब हैं। यहां चाबुआ और तेजपुर जैसे मुख्य एयरबेस है, जहां?तकनीकी समस्या होने पर इन पट्टियों से भी दुश्मन को जवाब दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री के आगमन के बाद वायुसेना की आरे से राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों के साथ-साथ परिवहन विमानों और हेलिकॉप्टरों का भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे और विमानों की लैंडिंग को देखते हुए पूरे मोरन बाईपास क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : किसान हित पूरी तरह से सुरक्षित : चौहान


