एयरफोर्स स्टेशन पर जवानों ने दिया गार्ड आॅफ आॅनर
President Droupadi Murmu Visit Ambala, (आज समाज), अंबाला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंबाला पहुंच चुकी है। अंबाला पहुंचने पर एयरफोर्स स्टेशन पर एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने जिप्सी में खड़े होकर परेड का निरीक्षण किया। साथ ही एयरफोर्स के जवानों ने उन्हें गार्ड आॅफ आॅनर दिया। कुछ देर में वह जवानों से मिलेंगी और एयरफोर्स स्टेशन की अलग-अलग यूनिट्स का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरेंगी। साथ ही राष्ट्रपति राफेल विमान की तकनीक, परिचालन प्रणाली और सुरक्षा रणनीति से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से लेंगी।

साथ ही राफेल विमान के जरिए अंबाला एयरोस्पेस का एक चक्कर भी लगाएंगी।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाके को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है।

पुलिस, एसपीजी और एयरफोर्स की टीमें तैनात

राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए अंबाला प्रशासन और एयरफोर्स ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। एयरफोर्स स्टेशन के आसपास नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही एयरफोर्स स्टेशन में प्रवेश दिया जाएगा। अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि सुरक्षा के लिए हर एरिया में पुलिस, एसपीजी और एयरफोर्स की टीमें तैनात की गई हैं।

अधिकारियों को करेंगी संबोधित

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों को संबोधित करेंगी। उनके भाषण में रक्षा क्षमताओं, महिला सशक्तीकरण और देश की सुरक्षा नीति से जुड़े मुद्दों पर बात हो सकती है।